पति के शव के साथ कई हफ्ते रही भारतीय महिला
न्यूजीलैंड में एक अजीबोगरीब मामले में भारतीय मूल की महिला के पति के शव के साथ हफ्तों तक बने रहने की बात सामने आई है। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौत की वजहों का पता नहीं चल
मेलबर्न। न्यूजीलैंड में एक अजीबोगरीब मामले में भारतीय मूल की महिला के पति के शव के साथ हफ्तों तक बने रहने की बात सामने आई है। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौत की वजहों का पता नहीं चल सका है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने भारतीय दंपति की पहचान उजागर नहीं की है, लेकिन मृत व्यक्ति का नाम देबी प्रसाद मजूमदार बताया गया है। उसकी उम्र पचास वर्ष या उससे कुछ ज्यादा है। पुलिस ने शव उनके नॉर्थ आइलैंड के टिताही बे स्थित घर से सड़ी-गली अवस्था में बरामद किया। पड़ोसियों ने महिला से फ्लैट से दुर्गध आने की बात कही, लेकिन वह हर बार कोई न कोई बहाना बना टाल देती थीं।
महिला द्वारा घर के आसपास स्प्रे छिड़क कर दुर्गध को छिपाने की भी कोशिश की जा रही थी। शक होने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। महिला के खिलाफ फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। भारतीय दंपति के पड़ोसियों ने बताया कि दोनों तकरीबन एक साल से फ्लैट में रह रहे थे। पड़ोस में रहने वाले रैंगिहुना ने बताया कि मृत व्यक्ति को उन्होंने तीन सप्ताह पहले देखा था।