फोन पर धमकाने वाले भारतवंशी को मिलेगी सजा
अभियोजन पक्ष के अनुसार, कुलवंत ने वर्ष 2012 में परेशान करने वाले फोन कॉल्स करने शुरू किए थे।
सैन फ्रांसिस्को, प्रेट्र। फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाले भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक कुलवंत सिंह संधु को दोषी ठहराया गया है। उस पर तीन हजार से ज्यादा फोन कॉल कर सरकारी अधिकारियों को जान से मारने की धमकी देने के अलावा आपत्तिजनक बात करने का आरोप था। उसे चार साल की कैद और 2.50 लाख डॉलर (1.70 करोड़ रुपये) का जुर्माना देना पड़ सकता है। सजा का एलान अप्रैल में किया जाएगा।
कैलीफोर्निया की अदालत ने कुलवंत को शुक्रवार को दोषी ठहराया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, कुलवंत ने वर्ष 2012 में परेशान करने वाले फोन कॉल्स करने शुरू किए थे। सबसे पहले वाशिंगटन में प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (एसईसी) के अधिकारियों को फोन किया गया था। आमलोगों को भी निशाना बनाया था। कुलवंत ने 2015 में तीन हजार से ज्यादा कॉल किए और 350 से ज्यादा वॉयस मेल छोड़े थे। इनमें अफसरों की निंदा करने के अलावा गाली-गलौच भी की गई थी। उसने अधिकारियों को सार्वजनिक तौर से फांसी देने, जिंदा जलाने, रॉकेट और टैंक से उड़ाने जैसी धमकियां दी थीं।
'प्रेमी से धोखा खाने के बाद बलात्कार का रोना नहीं रो सकती शिक्षित लड़की'