US: पत्नी को लंबे समय तक पीटने वाले भारतीय CEO को एक महीने की जेल
दोनों मामलों में सजा होने पर अभिषेक को भारत वापस भेजा जा सकता था। हालांकि बाद में पत्नी से समझौते के तहत उसके आरोप को कम कर दिया गया।
न्यूयॉर्क, प्रेट्र । अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एक कंपनी के भारतवंशी सीईओ को पत्नी को प्रताडि़त करने के मामले में एक महीने की जेल की सजा हुई है। उसपर लंबे समय तक पत्नी को प्रताडि़त करने का आरोप था।मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, अभिषेक गटानी (38) को पत्नी नेहा रस्तोगी (36) को प्रताडि़त करने के आरोप में सख्त सजा हो सकती थी। उसपर पहले फेलनी असॉल्ट (घोर आपराधिक हमला) का मामला दर्ज था।
दोनों मामलों में सजा होने पर अभिषेक को भारत वापस भेजा जा सकता था। हालांकि बाद में पत्नी से समझौते के तहत उसके आरोप को कम कर दिया गया। अभिषेक ने अदालत में स्वीकार किया कि उसने नेहा को थप्पड़ मारा, लेकिन इसे अपराध मानने से इन्कार कर दिया। नेहा फिलहाल अभिषेक से अलग रह रही हैं और तलाक लेने की अर्जी दी हुई है।