न्यूजीलैंड के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर कर लौटे प्रणब मुखर्जी
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने सोमवार को अपनी न्यूजीलैंड यात्रा पूरी कर ली और वह नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। छह दिनों के सरकारी दौरे में वह न्यूजीलैंड से पहले पापुआ न्यू गिनी गए थे।
ऑकलैंड, प्रेट्र। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने सोमवार को अपनी न्यूजीलैंड यात्रा पूरी कर ली और वह नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। छह दिनों के सरकारी दौरे में वह न्यूजीलैंड से पहले पापुआ न्यू गिनी गए थे। इस दौरान पूर्व दिशा में कार्य करने की भारत की इच्छा को प्रदर्शित करते हुए कृषि क्षेत्र, दुग्ध विकास, खाद्य प्रसंस्करण, शिक्षा और उच्च तकनीकी में कौशल विकास के लिए समझौते किए गए। भारत ने न्यूजीलैंड के साथ सीधी हवाई उड़ानों से संबंधित समझौते पर भी हस्ताक्षर किए।
पढ़ेंः माओरी प्रमुख के साथ नाक रगड़कर हुआ प्रणब का स्वागत
ऑकलैंड विश्वविद्यालय में राष्ट्रपति ने कहा कि भारत न्यूजीलैंड के साथ अपने संबंधों के विकास की भारी संभावना देख रहा है। दोनों देश मिलकर एशिया-प्रशांत क्षेत्र शांति की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। भारत दुनिया की सबसे तेज रफ्तार से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।
न्यूजीलैंड सहयोग करके इसका लाभ उठा सकता है। प्रधानमंत्री के रूप में राजीव गांधी की यात्रा के करीब 20 साल बाद न्यूजीलैंड गए राष्ट्रपति मुखर्जी पहली बड़ी हस्ती हैं। पापुआ न्यू गिनी की यात्रा में राष्ट्रपति समुद्री व्यापार और सुरक्षा पर अहम समझौते किए। भारत देश में आधारभूत ढांचे और ऊर्जा स्त्रोतों के विस्तार में 664 करोड़ रुपये की सहायता देगा। भारत पापुआ न्यू गिनी के साथ मिलकर तेल और गैस को निकालने और उनके शोधन का कार्य भी करेगा।
पढ़ेंः राष्ट्रपति ने कहा, मतभिन्नता के बगैर संसदीय प्रणाली बेमतलब