अमेरिका में कैद भारतीयों समेत 110 प्रवासियों ने छोड़ा खाना
अमेरिका में कैद तकरीबन 110 प्रवासी कैदी खाना-पीना छोड़कर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। देश के तीन अलग-अलग डिटेंशन सेंटरों में बंद प्रवासी बेमियादी हिरासत और व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।
वाशिंगटन। अमेरिका में कैद तकरीबन 110 प्रवासी कैदी खाना-पीना छोड़कर भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। देश के तीन अलग-अलग डिटेंशन सेंटरों में बंद प्रवासी बेमियादी हिरासत और व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। इन कैदियों में भारतीयों के अलावा बांग्लादेशी, पाकिस्तानी, नाइजीरिया, कैमरून, इथियोपिया, टोगो समेत कई देशों के नागरिक शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अलबामा, कैलिफोर्निया और सैन डिएगो के डिटेंशन सेंटर में बंद प्रवासी अपनी मांगों को लेकर बुधवार को भूख हड़ताल पर बैठ गए। इनमें अधिकांश बांग्लादेशी हैं। इनमें से कुछ लोग तो पिछले दो वर्षो से हिरासत में हैं।
दक्षिण एशियाई प्रवासियों के हितों के पक्ष में आवाज उठाने वाली संस्था के प्रमुख फहद अहमद के मुताबिक सभी कैदी हिरासत में रखने और निर्वासित करने की प्रक्रिया पर रोक लगाने एवं 'बेड कोटा' को खत्म करने की मांग कर रहे हैं। बेड कोटा के तहत आव्रजन अधिकारियों को किसी भी दिन औसतन 34 हजार लोगों को हिरासत में लेने का अधिकार है। हड़ताल पर बैठे सभी प्रवासी अमेरिका में शरण की मांग कर रहे हैं।