हिलेरी को दी गई थी पाक सैन्य अफसरों पर कार्रवाई की सलाह
हिलेरी क्लिंटन को अलकायदा और उससे जुड़े संगठनों को समर्थन देने वाले शीर्ष पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों के खिलाफ गुपचुप कार्रवाई की सलाह दी गई थी। हिलेरी जब अमेरिकी विदेश मंत्री थीं, उस समय उनको भेजे गए एक ई-मेल से इसका पता चला है।
वाशिंगटन। हिलेरी क्लिंटन को अलकायदा और उससे जुड़े संगठनों को समर्थन देने वाले शीर्ष पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों के खिलाफ गुपचुप कार्रवाई की सलाह दी गई थी। हिलेरी जब अमेरिकी विदेश मंत्री थीं, उस समय उनको भेजे गए एक ई-मेल से इसका पता चला है।
विदेश विभाग की ओर से मंगलवार को सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों के मुताबिक 14 मार्च 1997 से 20 जनवरी 2001 तक राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के कार्यकाल में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रहे सैमुअल रिचर्ड 'सैंडी' बर्गर ने तीन अक्टूबर 2009 को भेजे गए एक ई-मेल में ऐसी सलाह दी थी। क्लिंटन तब विदेश मंत्री थीं और उस दौरान के कुछ ई-मेल को मंगलवार रात जारी किया गया।
बर्गर ने क्लिंटन को भेजे ई-मेल में कहा था, अगर अलकायदा और उससे जुड़े संगठनों को समर्थन देने वाले सैन्य नेताओं को लक्ष्य कर सख्त उपाय किए जाएं तो ये ज्यादा असरकारक होंगे। बर्गर ने कहा कि हमारे पास पर्याप्त खुफिया जानकारी है, हम किसी भी पाकिस्तानी अधिकारी का बैंक खाता, यात्रा और अन्य चीजें जान सकते हैं।
इससे उन लोगों का पता चल जाएगा जो आतंकियों को मदद कर रहे हैं और इसका कोई उल्टा प्रभाव भी नहीं होगा। इससे पाकिस्तान को देने वाली सहायता को और आक्रामक बनाने में फायदा मिलेगा। कुछ ई-मेल में भारत का भी जिक्र किया गया है लेकिन इसमें अधिकतर 2009 में उनके भारत दौरे से संबंधित हैं।