पाकिस्तानी अदालत ने प्रदर्शनकारियों को छोड़ने का दिया आदेश
सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों को राहत देते हुए इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने गिरफ्तार किए गए समर्थकों को रिहा करने का आदेश दिया है। अदालत के इस फैसले से उत्साहित इमरान खान और मौलाना ताहिर उल कादरी ने नवाज शरीफ सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। एक दिन पहले ही गिरफ्तारियों से नाराज होकर इमरान और कादरी ने सरकार
इस्लामाबाद। सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों को राहत देते हुए इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने गिरफ्तार किए गए समर्थकों को रिहा करने का आदेश दिया है। अदालत के इस फैसले से उत्साहित इमरान खान और मौलाना ताहिर उल कादरी ने नवाज शरीफ सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। एक दिन पहले ही गिरफ्तारियों से नाराज होकर इमरान और कादरी ने सरकार के साथ चल रही वार्ता रद कर दी थी।
पुलिस दो दिन से प्रदर्शनकारियों को विभिन्न धाराओं में गिरफ्तार कर रही थी। शनिवार को एक अदालत ने इनमें से 100 कार्यकर्ताओं को दो सप्ताह के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। इनमें से 91 इमरान की तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआइ) के जबकि बाकी कादरी की अवामी तहरीक (पीएटी) के सदस्य थे। इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश मुहम्मद अनवर खान कासी ने रविवार को निचली अदालत के आदेश को खारिज करते हुए कार्यकर्ताओं की रिहाई का आदेश दिया।
कादरी और इमरान दोनों ने आरोप लगाया था कि कार्यकर्ताओं के दमन के तहत यह गिरफ्तारियां की गई हैं। जबकि सरकार का कहना था कि केवल उन्हीं लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने पुलिस और पाकिस्तान टेलीविजन के दफ्तर पर हमला किया था। इस्लामाबाद के पुलिस प्रमुख ताहिर आलम ने कहा कि अदालत के इस फैसले के खिलाफ अपील की जाएगी। इमरान ने शनिवार रात कहा था कि शरीफ के इस्तीफे तक आंदोलन चलता रहेगा। सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के इस्तीफे के मुद्दे पर कोई बात नहीं हो सकती। इमरान ने नवाज को तानाशाह बताते हुए कहा था कि उनका शासन सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ से भी बुरा है। इमरान ने अबकी बार नया पाकिस्तान का नारा उठाया है।
बचाव कार्य में लगी नाव डूबी, 12 मरेइस्लामाबाद। पाकिस्तान के बाढ़ग्रस्त मुल्तान में राहत कार्य में लगी एक नाव डूबने से 12 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक दूल्हा और अन्य बाराती हैं। रविवार को यह बारात दो नावों में जा रही थी। इनमें से एक शेर शाह ब्रिज के निकट डूब गई। हादसे के शिकार 12 लोगों के शव निकाल लिए गए हैं। नाव में 25 लोग सवार थे। अन्य की तलाश की जा रही है। पाकिस्तान में बाढ़ के कारण स्थिति विकट बनी हुई है। 20 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ में घिरे हुए हैं और मरने वालों की संख्या 280 को पार कर गई है। पाकिस्तान के मुल्तान, मुजफ्फरगढ़, ऊचशरीफ, बहावलपुर आदि इलाके बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं।