मैक्रों की कैबिनेट में आधी सीटें महिलाओं को
ब्रूनो ले मेयर को आर्थिक मामले, जेरार्ड कोलोम्ब को गृह और फ्रांस्वा बायरू को न्याय मंत्रालय दिया गया है। ज्यां इव लू ड्रियां विदेश मंत्रालय का कार्यभार संभालेंगे।
पेरिस, आइएएनएस : फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने नई कैबिनेट में आधे पदों पर महिलाओं को जगह दी है। 22 में से 11 पदों पर महिलाएं हैं। सिल्वी गोलार्ड को रक्षा मंत्री बनाया गया है, जबकि तलवारबाजी में ओलंपिक चैंपियन लॉरा फ्लेसेल खेल मंत्री बनाई गई हैं।
ब्रूनो ले मेयर को आर्थिक मामले, जेरार्ड कोलोम्ब को गृह और फ्रांस्वा बायरू को न्याय मंत्रालय दिया गया है। ज्यां इव लू ड्रियां विदेश मंत्रालय का कार्यभार संभालेंगे। वह पूर्व राष्ट्रपति फ्रांसवा ओलांद के समय रक्षा मंत्री थे। जाने माने पर्यावरणविद निकोलस उलो पर्यावरण मंत्री होंगे।
दूसरी ओर पश्चिमी मीडिया ने इस बात को उछाला है कि सबसे ऊंचे माने जाने वाले पांच ओहदों में मात्र एक, रक्षा मंत्रालय ही महिला मंत्री को दिया गया है। कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख पदों पर पुरुषों का ही कब्जा है। हालांकि, फ्रांस के नए राष्ट्रपति को अपनी टीम से काफी उम्मीदें हैं। उनका मानना है कि अगले महीने होने वाले संसदीय चुनाव में उनकी टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी।
यह भी पढ़ें: बड़ी ताकत बनने की भारत की लालसा चीन के लिए चुनौती