अफगानिस्तान में यात्री बस पर हमला, 13 मरे
अफगानिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक यात्री बस पर हमला कर 13 लोगों की हत्या कर दी। वारदाक प्रांत में सोमवार आधी रात के बाद इस घटना को अंजाम दिया गया। इस हमले के पीछे किस संगठन का हाथ है, यह अभी साफ नहीं हुआ है।
काबुल। अफगानिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक यात्री बस पर हमला कर 13 लोगों की हत्या कर दी। वारदाक प्रांत में सोमवार आधी रात के बाद इस घटना को अंजाम दिया गया। इस हमले के पीछे किस संगठन का हाथ है, यह अभी साफ नहीं हुआ है।
प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता अताउल्लाह खोगयानी ने बताया कि वारदाक में यात्री बस पर बंदूकधारियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस घटना में एक महिला सहित 13 लोग मारे गए। वहीं, पड़ोसी प्रांत गजनी के डिप्टी गवर्नर मोहम्मद अली ने बताया कि बंदूकधारियों ने बस में सवार लोगों में से अपने शिकार चुने और उसके बाद उन्हें एक-एक कर गोली मारी।
गौरतलब है कि वारदाक प्रांत देश की राजधानी काबुल से सटा है। इसके कुछ इलाकों पर तालिबान का प्रभाव है। तालिबानी लड़ाके अक्सर सड़क किनारे बम लगाकर सुरक्षा दलों को निशाना बनाते रहते हैं। लेकिन, यात्री बस पर हमला कर लोगों को गोली मारने की घटना आमतौर पर देखने को नहीं मिलती। इससे पहले पिछले महीने बंदूकधारियों ने जाबुल प्रांत में एक बस से हजारा समुदाय के 30 शिया मुसलमानों को अगवा कर लिया था। अगवा किए गए लोगों का अब तक कोई सुराग नहीं है।
टल सकती है अमेरिकी सैनिकों की वापसी
वाशिंगटन। सुरक्षा हालात को देखते हुए अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की पूरी तरह वापसी टल सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा व उनके अफगानी समकक्ष अशरफ गनी के बीच वार्ता से पहले इसके संकेत मिले हैं। अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी ने बताया कि अफगानिस्तान बदलाव के दौर से गुजर रहा है।
सैन्य वापसी की प्रक्रिया में लचीलापन लाने के उसके अनुरोध पर राष्ट्रपति ओबामा गंभीरता से विचार कर रहे हैं। गौरतलब है कि अमेरिका ने अगले साल के अंत तक अपने सभी सैनिकों की वापसी का लक्ष्य तय कर रखा है। इस समय अफगानिस्तान में 10 हजार अमेरिकी सैनिक हैं।