बांग्लादेश में चार आतंकियों ने खुद को उड़ाया
सुरक्षा बलों ने पश्चिमोत्तर चपैनवागंज में एक ठिकाने पर बुधवार रात छापा मारा। लंबे समय तक दोनों ओर से गतिरोध बना रहा।
ढाका, प्रेट्र : बांग्लादेश में सुरक्षा बलों की छापामार कार्रवाई के चलते अपने ठिकाने में घिरे चार आतंकियों ने खुद को उड़ा लिया। सुरक्षा बलों ने उनको 24 घंटे से घेर रखा था। आतंकियों के खिलाफ चलाए गए राष्ट्रव्यापी अभियान में इस तरह की यह दूसरी घटना है। 31 मार्च को भी आठ आतंकियों ने विस्फोट से खुद को उड़ा लिया था।
पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता के अनुसार, सुरक्षा बलों ने पश्चिमोत्तर चपैनवागंज में एक ठिकाने पर बुधवार रात छापा मारा। लंबे समय तक दोनों ओर से गतिरोध बना रहा। बाद में आतंकियों के चार शव पाए गए। घायलावस्था में एक गर्भवती महिला अपनी छह साल की बेटी के साथ मिली। महिला के पैर में गोली लगी थी। वह मारे गए आतंकियों में से एक की पत्नी बताई गई है।
बांग्लादेश पुलिस ने पिछले महीने से आतंकियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चला रखा है। इसमें 17 आतंकी मारे जा चुके हैं। प्रवक्ता ने बताया कि महिला भी एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन की सक्रिय सदस्य है। इस संगठन ने एक जुलाई 2016 को ढाका कैफे पर हमला किया था। इसमें एक भारतीय समेत 22 लोग मारे गए थे।
यह भी पढ़ें: तालिबान ने लॉन्च किया ऑपरेशन मंसूरी, बढ़ेंगे और आतंकी हमले
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी सीमा के पास झडप में आठ ईरानी गार्ड्स की मौत