यूक्रेन में पूर्व रूसी सांसद की हत्या
पुलिस के अनुसार पूर्व सांसद पर एक होटल के बाहर हमला किया गया।
कीव, रायटर : यूक्रेन की राजधानी कीव में गुरुवार को रूस के निर्वासित पूर्व सांसद डेनिस वोरोनेन्कोव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह यूक्रेन के अपदस्थ नेता विक्टर यांकोविच के खिलाफ देशद्रोह मामले के अहम गवाह थे। यूक्रेन ने इस हत्या का आरोप रूस पर लगाया है। रूस ने इस आरोप को बकवास करार दिया है।
पुलिस के अनुसार पूर्व सांसद पर एक होटल के बाहर हमला किया गया। वह पिछले साल पत्नी के साथ यूक्रेन चले गए थे। उन्होंने मार्च, 2014 में क्रीमिया को अलग करने को लेकर रूस की आलोचना की थी।
गोला-बारूद गोदाम में धमाका, रूस पर संदेह
यूक्रेन ने अपने गोला-बारूद गोदाम में धमाके के पीछे रूस या अलगाववादी विद्रोहियों का हाथ होने का संदेह जताया है। उसके पूर्वी सैन्य अड्डे के एक डिपो को गुरुवार तड़के उड़ा दिया गया। इसमें टैंकों के गोला-बारूद रखे थे। यूक्रेन के रक्षा मंत्री स्टेपन पोल्टोरेक ने कहा कि सैन्य बेस के डिपो में कई स्थानों पर धमाके हुए। इस बात की आशंका है कि हमले को ड्रोन या टाइमर डिवाइस से अंजाम दिया गया।