दो दशक में पहली बार अमेरिकियों की औसत उम्र घटी
एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले 2 दशक में पहली बार अमेरिकी नागरिकों की औसत उम्र में गिरावट आई है।
मियामी (एएफपी)। अमेरिकियों की औसत उम्र में 22 साल में पहली बार गिरावट पाई गई है। 2015 में उनका औसत जीवनकाल 78.8 वर्ष रहा, जो 2014 की अपेक्षा 0.1 साल कम है। नेशनल सेंटर फॉर हेल्थ स्टेटिस्टिक्स (एनसीएचएस) की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे और अल्जाइमर से बुजुर्गों की मृत्यु दर में वृद्धि हुई है।
रिपोर्ट में इसकी वजह का जिक्र नहीं है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि इसकी वजह आर्थिक परेशानी और नशे की लत हो सकती है। अमेरिका में 2014 की अपेक्षा 2015 में 86,212 अधिक लोगों की मौत हुई। एनसीएचएस के प्रमुख शोधकर्ता जियाक्यून शू ने कहा कि यह असामान्य है। हर साल की तुलना में 2015 अलग रहा।
पढ़ें- आतंकियों को आश्रय देना बंद करे पाकिस्तान : अमेरिका
अमेरिका में पिछली दफा औसत आयु में कमी 1993 में देखी गई थी। यह वह साल था जब एड्स से मरने वालों की संख्या चरम पर थी। उस साल हत्या और हादसों से भी मरने वालों की संख्या बढ़ गई थी। 2015 में अमेरिकी पुरुषों की औसत आयु 76.3 साल हो गई। 2014 में उनकी औसत उम्र 76.5 साल थी। महिलाओं के जीवन काल में भी गिरावट आई है। उनका जीवन 0.1 वर्ष कम होकर 81.2 साल हो गई।
पढ़ें- ट्रंप प्रशासन के साथ काम करने के लिए उत्सुक पाकिस्तान : तारिक फातमी