नाम की हत्या में दो महिलाओं के खिलाफ बुधवार को तय होंगे आरोप
पुलिस के अनुसार, 13 फरवरी को कुआलालंपुर एयरपोर्ट पर महिलाओं ने नाम के चेहरे पर वीएक्स नर्व एजेंट लगा दिया था।
कुआलालंपुर, रायटर। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के सौतेले भाई किम जोंग नाम की हत्या में दो महिलाओं के खिलाफ मलेशियाई अदालत में बुधवार को आरोप तय किए जाएंगे। इस मामले में दोनों को मौत की सजा हो सकती है।
पुलिस के अनुसार, 13 फरवरी को कुआलालंपुर एयरपोर्ट पर महिलाओं ने नाम के चेहरे पर वीएक्स नर्व एजेंट लगा दिया था। इससे उनकी महज 20 मिनट में ही मौत हो गई थी। यह नर्व एजेंट संयुक्त राष्ट्र की सामूहिक विनाश के रासायनिक हथियारों की सूची में शामिल है।
अमेरिका और दक्षिण कोरिया का मानना है कि नाम की हत्या के पीछे उत्तर कोरिया का हाथ था। हालांकि मलेशियाई पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वियतनाम की डोआन थी हुआंग और इंडोनेशियाई सिती ऐशाह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक उत्तर कोरियाई नागरिक को भी पकड़ा है। इसके अलावा नाम की हत्या मामले में सात अन्य उत्तर कोरियाई वांछित हैं।
अटार्नी जनरल मुहम्मद अपांडी अली ने कहा कि पकड़े गए उत्तर कोरियाई पर अभी आरोप तय नहीं किया जाएगा। मीडिया में जारी किए गए फुटेज में दो महिलाएं नाम पर हमला करती दिखाई पड़ती हैं। इन महिलाओं ने अपने देश के राजनयिकों को बताया है कि उन्हें लगा कि यह कोई मजाकिया रियलिटी शो है। इसमें हिस्सा लेने के लिए उन्हें भुगतान किया गया था।
शीर्ष उत्तर कोरियाई अधिकारी चीन में
बीजिंग, प्रेट्र : उत्तर कोरिया के उप विदेश मंत्री री किल-सांग पांच दिनों की यात्रा पर मंगलवार को चीन पहुंचे। उनका यह दौरा बीजिंग के उत्तर कोरिया से कोयला आयात पर रोक लगाने और किम जोंग नाम की हत्या के बाद हो रहा है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में सैन्य अदालतों पर सभी दल राजी