12 मिनट में 27 हजार फीट गिरा विमान, पायलट की दिलेरी से टला हादसा
101 लोगों को लेकर जा रहे एक जेटलाइनर में 38 हजार फीट की ऊंचाई पर इमरजेंसी स्लाइड के खुलने से भयंकर स्थिति पैदा हो गई। जेट डगमगाकर 12 मिनट में ही 27 हजार फुट नीचे उतर आया, हालांकि पायलट ने सूझबूझ से हादसे को टालते हुए सुरक्षित आपात लैंडिंग की। विमान शिकागो से लॉस एंजिलिस जा रहा था।
शिकागो। 101 लोगों को लेकर जा रहे एक जेटलाइनर में 38 हजार फीट की ऊंचाई पर इमरजेंसी स्लाइड के खुलने से भयंकर स्थिति पैदा हो गई। जेट डगमगाकर 12 मिनट में ही 27 हजार फुट नीचे उतर आया, हालांकि पायलट ने सूझबूझ से हादसे को टालते हुए सुरक्षित आपात लैंडिंग की। विमान शिकागो से लॉस एंजिलिस जा रहा था।
यूनाइटेड एयरलाइंस के बयान के मुताबिक, ये वाकया कल रात करीब साढ़े दस बजे हुआ। बोइंग 737-700 रात 10.05 बजे करीब 38 हजार फीट की ऊंचाई पर था। फिर अगले 12 मिनट में ये गिरते हुए 11 हजार फीट पर आ गया। प्लेन में 96 यात्री और 5 क्रू मेंबर थे। स्लाइड के खुलने के समय सभी यात्री अपनी सीट पर थे। किसी को हादसे में कोई चोट नहीं आई। बयान में किसी यात्री के प्लेन का दरवाजा खोलने के प्रयास की बात को नकार दिया गया है। कहा गया है कि इतनी ऊंचाई पर दरवाजा खोलने की बात असंभव है। प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को दूसरे प्लेन से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। प्लेन में मौजूद एक यात्री माइक शक्रोडर ने कहा, 'मैं सालों से यात्रा कर रहा हूं। मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा। क्रू के सदस्यों ने भी कहा कि उन्होंने इस तरह की घटना पहले कभी नहीं देखी। एक निरीक्षक दल घटना की जांच कर रहा है।'