रूस से जुड़े आरोपों पर बोले ट्रंप- मुझसे नहीं, हिलेरी से हो पूछताछ
ट्विटर पर मंगलवार को उन्होंने कहा, सदन की खुफिया समिति बिल और हिलेरी की उस संधि की जांच क्यों नहीं कर रही, जिसने बड़ी मात्रा में यूरेनियम रूस जाने दिया।
वाशिंगटन, प्रेट्र : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने प्रचार अभियान के तार रूस से जुड़े होने के आरोपों को फर्जी बताकर खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि संसद की खुफिया जांच समिति को उनके प्रचार सलाहकारों के रूस से संबंधों के बजाय बिल क्लिंटन और हिलेरी क्लिंटन के उस देश से संबंधों की जांच करनी चाहिए।
ट्विटर पर मंगलवार को उन्होंने कहा, सदन की खुफिया समिति बिल और हिलेरी की उस संधि की जांच क्यों नहीं कर रही, जिसने बड़ी मात्रा में यूरेनियम रूस जाने दिया। वह उस रूसी भाषण..बिल को मिलने वाले धन, हिलेरी द्वारा रूस की तारीफ या पोडेस्टा रूसी कंपनी वाले मामले पर गौर क्यों नहीं करती?
ट्रंप ने ट्वीट में दावा किया है कि राष्ट्रपति पद की चुनावी दौड़ में उनकी प्रतिद्वंद्वी रहीं हिलेरी ने विदेश मंत्री रहने के दौरान यूरेनियम रूस जाने दिया।
राष्ट्रपति के ये आरोप रूस की परमाणु ऊर्जा एजेंसी द्वारा टोरंटो की एक कंपनी में नियंत्रण संबंधी हिस्सेदारी खरीदने से जुड़े हैं। टोरंटो की इस कंपनी की अमेरिका में खदान और मिल हैं।
यह भी पढ़ें- अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने उठाई ट्रंप के खिलाफ आवाज