हज हादसे में मरने वाले भारतीयों की संख्या 51 हुई
हज के दौरान सऊदी अरब के पवित्र शहर मिना में मची भगदड़ से मरने वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। अधिकारियों ने गुरुवार को छह और शवों की पहचान की। वहीं 38 भारतीय घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
मिना। हज के दौरान सऊदी अरब के पवित्र शहर मिना में मची भगदड़ से मरने वाले भारतीयों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। अधिकारियों ने गुरुवार को छह और शवों की पहचान की। वहीं 38 भारतीय घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
यही नहीं हादसे के एक सप्ताह बाद भी करीब सौ लोग लापता बताए जा रहे हैं। हालांकि लापता लोगों की संख्या के बारे में सऊदी अरब ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हज के दौरान पिछले 25 वर्षों में हुई इस सबसे भीषण त्रासदी में विभिन्न देशों के कुल 769 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 934 लोग घायल हैं।
वैसे आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि हादसे के कारण 23 देशों के 940 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अनुसार, गत 28 सितंबर तक 45 भारतीयों की मौत हो चुकी थी।
एक अक्टूबर को यह संख्या बढ़कर 51 हो गई है। मालूम हो, हज के लिए 180 से अधिक देशों से करीब 20 लाख लोगों ने हिस्सा लिया। भारत से 1.5 लाख लोग हज के लिए सऊदी अरब गए थे।