ब्रह्मांड विज्ञानी का अनुमान- भालू जैसे हो सकते हैं एलियन
एक सवाल बहुत लंबे समय से अनुत्तरित है कि क्या दूसरे ग्रह पर जीवन है? इसे लेकर समय-समय पर कल्पनाएं होती रही हैं और उड़न तश्तरी को लेकर खबरें तो कभी सुर्खियां बन जाती हैं। एलियन को लेकर कई फिल्में बन चुकी हैं। ऐसे में विज्ञान कैसे अछूता रह जाए।
लंदन। एक सवाल बहुत लंबे समय से अनुत्तरित है कि क्या दूसरे ग्रह पर जीवन है? इसे लेकर समय-समय पर कल्पनाएं होती रही हैं और उड़न तश्तरी को लेकर खबरें तो कभी सुर्खियां बन जाती हैं। एलियन को लेकर कई फिल्में बन चुकी हैं। ऐसे में विज्ञान कैसे अछूता रह जाए।
इस बार एक ब्रह्माांड वैज्ञानिक ने अपने अध्ययन के आधार पर कहा है कि यदि एलियन हैं तो उनका वजन करीब 300 किलोग्राम और उनका आकार प्रकार भालू के जैसा हो सकता है।
यह विश्लेषण बार्सिलोना विश्वविद्यालय के फर्गुस सिंपसन ने दिया है। सिंपसन ने यह भी पाया है कि निवास योग्य एक अन्य ग्रह पर करीब 5 करोड़ एलियन रहते होंगे।
सिंपसन का यह आकलन बायेस थ्योरम नाम के मॉडल और गणित की शाखा बायेसिअन सांख्यिकी पर आधारित है। इस तकनीक का उद्देश्य उपलब्ध सूचना पर निर्भरता को बदल देने वाली संभावना का अनुमान लगाना है।
विज्ञान पत्रिका लाइव साइंस के अनुसार सिंपसन ने अपनी गणना ऐसे अनगिनत व्यक्तियों के साथ शुरू की, जिन्हें काल्पनिक एलियन सभ्यता जैसे माहौल में रखा जा सकता है। इसी के आधार पर उन्होंने एलियन की संख्या 5 करोड़ या उससे कम होने का अनुमान लगाया।
सिंपसन के प्रकाशित हुए विश्लेषण में जीवन के अन्य रूपों के आकार पर भी जानकारी दी गई है। उन्होंने उल्लेख किया है कि धरती पर मौजूद पशुओं के आकार का इंसानों के साथ व्यापक संबंध है। बहुत सारी छोटी-छोटी प्रजातियां विलुप्त होने की कगार पर हैं।
फिर से है एलियन खबरों में
चांद की यात्रा पर जा चुके नासा के अंतरिक्ष यात्री एडगर मित्चेल के अनुसार रोसवेल में एलियन क्रैश हो गए और उनमें से कुछ जीवित ही पकड़ लिए गए। शनि ग्रह और उड़न तश्तरी की खबरें भी हाल में सामने आई हैं।