भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए जनता ने कॉमेडियन को चुना राष्ट्रपति
भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए जनता के इस ऐतिहासिक कदम के बारे में जानकर आप चौंक जाएंगे। मध्य अमेरिकी देश ग्वाटेमाला की जनता ने अपना नया राष्ट्रपति चुना है। उनका राष्ट्रपति कोई नेता नहीं बल्कि एक कॉमेडियन है।
ग्वाटेमाला सिटी। भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए जनता के इस ऐतिहासिक कदम के बारे में जानकर आप चौंक जाएंगे। मध्य अमेरिकी देश ग्वाटेमाला की जनता ने अपना नया राष्ट्रपति चुना है। उनका राष्ट्रपति कोई नेता नहीं बल्कि एक कॉमेडियन है।
इस देश में भ्रष्टाचार की जड़ इस कदम मजबूत हो गई थी यहां के पूर्व राष्ट्रपति ही भ्रष्टाचार के कई मामलों में लिप्त थे। पिछले महीने पूर्व राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति और कई मंत्रियों को करप्शन के आरोप में जेल भेज दिया गया था। करप्शन से त्रस्त जनता ने वहां के नेताओं की बजाय कॉमेडियन जिमी मोराले पर विश्वास जताया और उन्हें अपना नेता चुना।
बताते चलें कि मोराले ने 2011 में उपनगर मिक्सको के मेयर पद के लिए चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। वे 46 साल के हैं और 14 साल से टीवी चैनल पर कॉमेडी शो करते रहे हैं। गरीब परिवार में पले-बढ़े मोराले कॉमर्स और एडमिनिस्ट्रेशन में पास हैं। वह ईसाई प्रोटेस्टैंट हैं और चुनाव प्रचार के दौरान गर्भपात, अवैध दवाओं और समलैंगिक विवाह का विरोध किया था और जनता को साफ-सुथरी सरकार देने का वादा किया था।
गौर करने वाली बात यह कि बीते रविवार को हुई वोटिंग में 93 फीसदी बूथों के नतीजे में उन्हें 69 फीसदी वोट मिले। अब ग्वाटेमाला की 158 सदस्यों वाली संसद में मोराले को समर्थन देने वाली नेशनल कंवर्जेँस पार्टी के 11 सदस्य हैं।
चुनाव जीतने के बाद मोराले ने कहा, 'बहादुर वोटर्स ने पूरी उम्मीद के साथ मतदान किया। यह आम आदमी की जीत है। मुझे देश की जनता ने बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी है, यह जनादेश हमें करप्शन के खात्मे के लिए हासिल हुआ है। हम जनता के साथ मिलकर इसके खिलाफ लड़ेंगे।'