डेढ़ अरब में बिके 128 दुर्लभ अमेरिकी सिक्के
अमेरिका में दुर्लभ किस्म के 128 सिक्कों की नीलामी में विश्व रिकार्ड बन गया। एक सिक्का तो लगभग 15 करोड़ रुपये में बिका। 18 वीं एवं 19वीं सदी के इन सिक्कों की नीलामी से 2.53 करोड़ डॉलर (करीब 1.61 अरब रुपये) हासिल हुए।
न्यूयॉर्क। अमेरिका में दुर्लभ किस्म के 128 सिक्कों की नीलामी में विश्व रिकार्ड बन गया। एक सिक्का तो लगभग 15 करोड़ रुपये में बिका। 18 वीं एवं 19वीं सदी के इन सिक्कों की नीलामी से 2.53 करोड़ डॉलर (करीब 1.61 अरब रुपये) हासिल हुए।
नीलामी के दौरान सर्वाधिक कीमत सन् 1808 के एक छोटे सोने के सिक्के की लगाई गई। क्वार्टर ईगल नामक के इस सिक्के की कीमत 23.5 लाख डॉलर (करीब 14.95 करोड़ रुपये) लगाई गई। यह किसी दुर्लभ सिक्के के लिए मिली अब तक की सबसे बड़ी कीमत है। जिस समय इस सिक्के को गढ़ा गया था, इसकी कीमत 2.5 डॉलर (करीब 159 रुपये) थी।
सिक्कों की नीलामी स्टेक्स बोवर्स गैलरीज और सोथबीज द्वारा की गई। स्टेक्स बोवर्स के वाइस प्रेसीडेंट विकेन येगपेरियन ने बताया कि इन सिक्कों का संबंध अमेरिकी इतिहास से है, लेकिन नीलामी में इन्हें खरीदने वाले कुछ बड़े ग्राहक अमेरिका से बाहर के हैं।