जॉन केरी का दावा, सुलझने के करीब ईरान परमाणु संकट
विश्व शक्तियां ईरान के परमाणु संकट को सुलझाने के करीब पहुंच गई हैं। अगर सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो इस मसले पर तेहरान के साथ जल्द ही निर्णायक समझौता हो जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र । विश्व शक्तियां ईरान के परमाणु संकट को सुलझाने के करीब पहुंच गई हैं। अगर सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो इस मसले पर तेहरान के साथ जल्द ही निर्णायक समझौता हो जाएगा। परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) पर संयुक्त राष्ट्र में महीने भर चलने वाली बैठक के दौरान अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी ने सदस्य देशों के साथ यह जानकारी साझा की। केरी ने ईरानी विदेश मंत्री जवाद जरीफ से भी मुलाकात की।
ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए अमेरिका के अलावा ब्रिटेन, फ्रांस, रूस, चीन और जर्मनी की ओर से साझा प्रयास किए जा रहे हैं। हाल में लुसाने में विश्व की छह शक्तियों और ईरान के बीच वार्ता में सफलता भी मिली थी। दोनों पक्षों ने समझौते तक पहुंचने के लिए 30 जून की डेडलाइन रखी है। एनपीटी बैठक में केरी ने सोमवार को कहा, 'हम समझौते के बेहद करीब हैं। इसमें सफल रहने पर दुनिया पहले से ज्यादा सुरक्षित हो जाएगी। करार लागू होने की स्थिति में ईरान को परमाणु हथियार बनाने के लिए जरूरी नाभिकीय सामग्री जुटाने से रोका जा सकेगा। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस बात का विश्वास भी हासिल हो जाएगा कि ईरानी परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है।'
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने केरी और जरीफ के बीच वार्ता को उपयोगी बताया है। इस दौरान वियना बैठक के मुद्दों पर चर्चा हुई। एनपीटी की बैठक के दौरान जरीफ ने परमाणु हथियार संपन्न राष्ट्रों पर इसके भंडार को खत्म करने के लिए कोई कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया। जॉन केरी शनिवार को कोलंबो जाने वाले हैं।
पढ़ें : इरान और विश्व की महाशक्तियों के बीच परमाणु करार सहमति