रॉयल बेबी के लिए 'डायना' नाम है पहली पसंद: सर्वे
डचेज ऑफ कैंब्रिज केट मिडिलटन जल्द ही रॉयल बेबी को जन्म देने वाली हैं। राजशाही परिवार के इस दूसरे बच्चे के लिए ब्रिटेन में गजब का उत्साह नजर आ रहा है। बेबी ने तो अभी जन्म नहीं लिया लेकिन इसके नाम के लिए अटकलें तेज हो गई हैं। एक नए
लंदन। डचेज ऑफ कैंब्रिज केट मिडिलटन जल्द ही रॉयल बेबी को जन्म देने वाली हैं। राजशाही परिवार के इस दूसरे बच्चे के लिए ब्रिटेन में गजब का उत्साह नजर आ रहा है। बेबी ने तो अभी जन्म नहीं लिया लेकिन इसके नाम के लिए अटकलें तेज हो गई हैं। एक नए सर्वे में सामने आया है कि अधिकांश ब्रिटिशवासी रॉयल बेबी का नाम डायना रखना चाहते हैं।
यूगोव पोल फॉर के संडे टाइम्स के एक पोल में करीब 12 फीसद जनता के लिए डायना नाम पहली पसंद है। करीब 2200 लोगों के बीच हुए इस सर्वे में एलिस और चारलॉट नौ फीसद के साथ दूसरी पसंद हैं। सट्टेबाज दावा कर रहे हैं कि केट को बच्ची होगी, जिसका नाम एलिस रखा जाएगा। दरअसल एलिस रानी एलिजाबेथ द्वितीय की चाची थीं जिनका निधन 2004 को 102 वर्ष की उम्र में हुआ था।
लड़का हुआ तो 'जेम्स' पहली पसंद
सर्वे के अनुसार रॉयल खानदान में अगर राजकुमार आता है तो 'जेम्स' नाम सबसे ज्यादा पसंद किया गया, जिसके समर्थन में 13 फीसद लोगों ने मत दिया। अन्य पसंदीदा नाम एलेक्जेंडर [8 फीसद] और रिचर्ड तथा लुईस [7 फीसदी] हैं। एक चौथाई लोग चाहते हैं कि परिवार में बच्ची का जन्म हो जबकि तीन फीसद चाहते हैं कि बच्चा पैदा हो, शेष लोगों ने कहा कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
जल्द ही अस्पताल में होंगी भर्ती
रॉयल बेबी को जन्म देने के लिए केट किसी भी समय सेंट मेरी अस्पताल में भर्ती हो सकती हैं। एक प्रवक्ता ने बताया कि मीडिया में काफी तारीखें चल रही हैं लेकिन हमने अभी तक किसी भी तारीख की पुष्टि नहीं की है।