चार बच्चों के साथ ब्रिटिश महिला के सीरिया भागने का अंदेशा
ब्रिटेन की एक और मुस्लिम महिला के आतंकी संगठन (आइएस) में शामिल होने का अंदेशा जताया जा रहा है। स्कार्टलैंड यार्ड को शक है कि चार बच्चों के साथ लापता हुई यह महिला सीरिया भाग चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार 33 साल की जाहिरा तारिक आखिरी बार पूर्वी लंदन
लंदन। ब्रिटेन की एक और मुस्लिम महिला के आतंकी संगठन (आइएस) में शामिल होने का अंदेशा जताया जा रहा है। स्कार्टलैंड यार्ड को शक है कि चार बच्चों के साथ लापता हुई यह महिला सीरिया भाग चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार 33 साल की जाहिरा तारिक आखिरी बार पूर्वी लंदन में मंगलवार को देखी गई थी। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है।
जाहिरा और उसके चार बच्चे मुहम्मद (12), अमार (11), आदिद (04) और बेटी सैफिया (09) के गायब होने की शिकायत परिजनों ने बुधवार को पुलिस से की। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज में ये लोग एम्सटर्डम हवाई अड्डे से रवाना होते दिखे। आतंकरोधी कमांड के कमांडर रिचर्ड वाल्टन ने बताया कि महिला के रिश्तेदार काफी चिंतित हैं। उसके सीरिया पहुंचने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं है। लेकिन, यह साफ है कि वह ब्रिटेन से निकल चुकी है।
हाल के समय में ब्रिटेन से कई परिवार, महिलाएं और नाबालिग भागकर आइएस में शामिल होने के लिए सीरिया गए हैं। स्काटलैंड यार्ड के अनुसार पिछले साल 40 से ज्यादा ब्रिटिश महिलाएं और लड़कियां सीरिया भागी हैं। कुछ महीने पहले ऐसी भी खबरें आई थी कि सीरिया में आइएस के महिला लड़ाकू दस्ते का नेतृत्व एक ब्रिटिश महिला ही कर रही है।
सऊदी अरब ने यमन में किए हवाई हमले
सना। सऊदी अरब के गठबंधन ने शिया हाउती विद्रोहियों और उनके सहयोगियों पर शनिवार को सात हवाई हमले किए। सऊदी अरब ने विद्रोहियों के कब्जे वाले रॉकेट डिपो और टीवी स्टेशन को निशाना बनाया। इसके अलावा, दक्षिणी सना में राष्ट्रपति पैलेस के पास के इलाके और अल नहयान कैंप में मिसाइल डिपो पर भी हमले हुए। गौरतलब है कि सऊदी अरब के जिजान शहर पर मिसाइल हमले के बाद गठबंधन ने लगातार चौथे दिन जवाबी कार्रवाई की है। शिया बलों ने पिछले सितंबर में राजधानी सना समेत देश के कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया है।