पारिवारिक फाउंडेशन के बचाव में आए क्लिंटन, बोले- दान देने वालों पर है गर्व
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने अपने पारिवारिक फाउंडेशन पर लगे आरोपों का बचाव करते हुए कहा है कि उन्हें क्लिंटन फाउंडेशन के दानदाताओं पर गर्व है।
अटलांटा (एपी)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने बुधवार को कहा कि उन्हें उन लोगों पर गर्व है जिन्होंने क्लिंटन फाउंडेशन को दान दिया। दरअसल क्लिंटन अपनी पत्नी और डेमोक्रेटिक की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हिलेरी को चुनाव में इस विवाद से नुकसान नहीं हो, इसलिए सफाई दे रहे थे।
आपको बता दें कि हिलेरी क्लिंटन के लिए क्लिंटन फाउंडेशन मुसीबत का सबब बन गया है। उन पर विदेश मंत्री रहते फाउंडेशन के दानदाताओं को फायदा पहुंचाने का आरोप है। 2009-13 तक विदेश मंत्री रहीं हिलेरी इस बार राष्ट्रपति पद की डेमोक्रेटिक दावेदार हैं। उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंदी डोनाल्ड ट्रंप ने इस मामले की जांच स्वतंत्र विशेष अभियोजक से कराने की मांग की है।
पढ़ें- अब क्लिंटन फाउंडेशन बना हिलेरी के जी का जंजाल
क्लिंटन ने कहा, "हम अच्छा करने की कोशिश कर रहे हैं। यदि कुछ लोगों की मदद करने और रोजगार पैदा करने के लिए कुछ गलत हुआ है तो इस बारे में मैं नहीं जानता। जिन लोगों ने दान (पैसा) दिया है वो लोग अच्छी तरह जानते हैं कि वे क्या कर रहे हैं। मेरे पास इस बारे में कहने के लिए कुछ नहीं है सिवाय गर्व के। जो उन्होंने किया उस पर मुझे गर्व है।"
उन्होंने अपनी पत्नी हिलेरी पर लगे आरोपों का भी बचाव किया। इससे पहले मंगलवार को एपी ने खबर दी थी कि हिलेरी क्लिंटन के विदेश मंत्री रहते हुए आधा दर्जन अधिकारियों ने उनसे मुलाकात की थी और हिलेरी ने क्लिंटन फाउंडेशन को तब पैसे दिए थे।
पढ़ें- हिलेरी क्लिंटन को ईमेल से जुड़े सवालों के जवाब देने का आदेश