पाकिस्तानी उत्पीड़न के खिलाफ बलूचों का लंदन में प्रदर्शन
पाकिस्तानी उच्चायोग से प्रदर्शनकारी जुलूस की शक्ल में प्रधानमंत्री टेरीजा मे के कार्यालय 10, डाउनिंग स्ट्रीट तक गए।
लंदन, प्रेट्र। बलूचिस्तान में पाकिस्तान की बर्बर कार्रवाइयों के विरोध में बलूच रिपब्लिकन पार्टी ने पाकिस्तानी उच्चायोग के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तानी सेना पर बलूच महिलाओं को अगवा करने और इलाके में खूनखराबा करने का आरोप लगाया।
पार्टी की ब्रिटिश इकाई के अध्यक्ष मंसूर बलोच ने कहा कि इस प्रदर्शन का मकसद पाकिस्तानी सेना की ज्यादतियों को दुनिया की नजर में लाना था। प्रदर्शन में बलूचिस्तान के डेरा बुग्ती और बोलान इलाके से अगवा की गई बलूच महिलाओं का विवरण सार्वजनिक किया गया। पाकिस्तानी उच्चायोग से प्रदर्शनकारी जुलूस की शक्ल में प्रधानमंत्री टेरीजा मे के कार्यालय 10, डाउनिंग स्ट्रीट तक गए।
पार्टी ने चीन-पाकिस्तान इकॉनोमिक कॉरीडोर का भी विरोध किया जिससे बलूचिस्तान में अशांति बढ़ रही है। पार्टी ने अंतरराष्ट्रीय बिरादरी से बलूच आबादी को अत्याचारों से निजात दिलाने की मांग की है। जेनेवा में पार्टी प्रवक्ता शेर मुहम्मद बुग्ती ने कहा, हाल के दिनों में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने आमजनों पर अपने जुल्म बढ़ाए हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बल पूरी ताकत से कार्रवाई करते हैं और वे मनमाने तरीके से नागरिकों को अपना निशाना बनाते हैं। सेना ने दश्त और केच इलाकों में महिलाओं और बच्चों के साथ बेरहमी की गई। उनमें से ज्यादातर को अज्ञात स्थानों पर ले जाया गया। इनमें से कुछ अभी तक लापता हैं।
यह भी पढ़ें: अल्ताफ हुसैन ने चेताया, दुनिया के नक्शे से मिट जाएगा पाकिस्तान