अब ऑस्ट्रेलिया ने कहा, शिया को आजाद करे चीन
नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित ली शाओबो को 2008 में जेल में डाल दिया गया था जबकि उनकी पत्नी ली शिया घर में नजरबंद थीं।
सिडनी, रायटर। नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित मानवाधिकार कार्यकर्ता ली शाओबो की पत्नी को आजाद किये जाने का ऑस्ट्रेलिया ने चीन से अनुरोध किया है। शाओबो की बीते गुरुवार को चीन की कैद में कैंसर से मौत हो गई थी।
देश में लोकतंत्र की मांग करने पर उन्हें 2008 में जेल में डाल दिया गया था जबकि उनकी पत्नी ली शिया घर में नजरबंद थीं। शुक्रवार को चीन में शाओबो का अंतिम संस्कार हुआ और उनकी पत्नी शिया को आजाद करने की घोषणा की गई लेकिन वह कहां हैं, यह स्पष्ट नहीं किया गया।
उनकी आजादी की मांग कर रहे लोगों से कहा गया कि यह चीन का आंतरिक मामला है, इसमें हस्तक्षेप नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही कहा, शिया दुखी हैं और उनका परिवार नहीं चाहता कि उनसे कोई मिले। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री जूली बिशप ने कहा है कि चीन सरकार शिया पर लगी सभी तरह की पाबंदियों को हटाए।
उन्हें आजाद व्यक्ति की तरह दुनिया के किसी भी देश में जाने की अनुमति दे। उल्लेखनीय है कि चीन ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा व्यापार सहयोगी देश है। जबकि उसका सबसे बड़ा सैन्य सहयोगी अमेरिका है।
यह भी पढ़ें: उ. कोरिया के पास है ज्यादा परमाणु बम बनाने की सामग्री