सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में लैपटॉप पर रोक की तैयारी में अमेरिका
अमेरिकी ट्रंप प्रशासन ने सभी अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में लैपटॉप ले जाने पर रोक लगाने पर विचार कर रहा है।
वाशिंगटन (आइएएनएस)। आतंकी हमलों की आशंका के चलते अब ट्रंप प्रशासन अमेरिका आने और यहां से जाने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में भी लैपटॉप पर रोक लगाने पर विचार कर रहा है। अमेरिका इससे पहले मिस्त्र, तुर्की और सऊदी अरब समेत आठ मुस्लिम देशों से आने वाले विमानों में यात्रियों के इलेक्ट्रानिक सामान के साथ सफर करने पर पहले ही प्रतिबंध लगा चुका है।
द गार्जियन के अनुसार, अमेरिकी आंतरिक सुरक्षा मंत्री जॉन केली ने यह बात रविवार को फॉक्स न्यूज से बातचीत में कही। जब उनसे पूछा गया था कि क्या वह लैपटॉप पर मौजूदा प्रतिबंध का सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों तक विस्तार करेंगे? इस पर केली ने कहा, 'मैं ऐसा कर सकता हूं। ये वाकई में खतरा है। आतंकी खासतौर पर अमेरिकी लोगों से भरे विमान को निशाना बना सकते हैं।'
इस साल मार्च में अमेरिका ने मिस्त्र, जार्डन, कुवैत, मोरक्को, कतर, सऊदी अरब, तुर्की और संयुक्त अरब अमीरात के दस हवाईअड्डों से आने वाले विमानों में लैपटॉप समेत स्मार्टफोन से बड़े सभी इलेक्ट्रानिक उपकरणों पर प्रतिबंध लगा दिया था। अमेरिका के इस निर्णय का इन देशों से रोजाना आने वाली करीब 50 उड़ानों पर असर पड़ा है। अमेरिकी प्रतिबंध के एक दिन बाद ही ब्रिटेन ने भी तुर्की, लेबनान, जार्डन, मिस्त्र, ट्यूनीशिया और सऊदी अरब से आने वाले विमानों पर इसी तरह का आदेश जारी किया था। उल्लखनीय है कि, इन दो देशों के बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड भी इसी तरह का कदम उठाने के बारे में विचार रहे हैं।