अमेरिका का 146 साल पुराना रिंगलिंग सर्कस बंद
अंतिम शो हाउसफुल रहा और इसका प्रसारण रिंगलिंग वेबसाइट पर भी किया गया।
न्यूयॉर्क, रायटर : दुनिया के सबसे पुराने सर्कसों में शुमार रिंगलिंग ब्रदर्स एंड बर्नम एंड बेली सर्कस अब इतिहास बन गया है। 146 साल पुराने इस सर्कस को 'द ग्रेटेस्ट शो ऑन अर्थ' के तौर जाना जाता है। इसका अंतिम शो रविवार को न्यूयॉर्क के लांग आइसलैंड के यूनियनडेल में हुआ। इस सर्कस की स्थापना 1871 में रिंगलिंग ब्रदर्स ने की थी।
सर्कस का स्वामित्व रखने वाली फेल्ड इंटरटेनमेंट कंपनी के सीईओ केनेड फेल्ड ने कर्मचारियों से कहा कि आप सभी को अंतिम बार प्रस्तुति करते देखना दिल को छू लेने वाला है। अंतिम शो हाउसफुल रहा और इसका प्रसारण रिंगलिंग वेबसाइट पर भी किया गया।
फेल्ड ने इस साल जनवरी में सर्कस बंद करने की घोषणा की थी। उस समय फेल्ड ने कहा था कि अधिक लागत और टिकटों की बिक्री में गिरावट के चलते यह निर्णय लिया गया है। इसका प्रमुख कारण दर्शकों की कमी और पशु अधिकार समूहों का दबाव भी माना गया था। इसी दबाव के चलते कंपनी ने पिछले साल शो से हाथियों को हटा दिया था।
हालांकि पेटा जैसे संगठनों के विरोध के बावजूद कंपनी ने अंतिम समय तक बाघ, शेर, घोड़े और ऊंट जैसे जानकारों का करतब दिखाना बंद नहीं किया।
यह भी पढ़ें: ब्रिटेन में उगाई गई दुनिया की सबसे तीखी मिर्च, नाम दिया गया ड्रैगंस ब्रीथ
यह भी पढ़ें: सालभर में खत्म हो जाएगी दुर्लभ समुद्री स्तनपायी प्रजाति