Move to Jagran APP

हमलों के बाद इंडोनेशिया में अलर्ट, तीन गिरफ्तार

राजधानी जकार्ता में छह सिलसिलेवार धमाकों और गोलीबारी के बाद समूचे इंडोनेशिया में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

By anand rajEdited By: Published: Sat, 16 Jan 2016 10:29 AM (IST)Updated: Sat, 16 Jan 2016 10:31 AM (IST)
हमलों के बाद इंडोनेशिया में अलर्ट, तीन गिरफ्तार

जकार्ता। राजधानी जकार्ता में छह सिलसिलेवार धमाकों और गोलीबारी के बाद समूचे इंडोनेशिया में अलर्ट जारी कर दिया गया है। हमलों के सिलसिले में शुक्रवार को तीन लोग गिरफ्तार किए गए। आपराधिक जांच मामलों के निदेशक कर्नल कृष्णमूर्ति ने बताया कि तीनों की गिरफ्तारी जकार्ता के बाहरी इलाके में देपोक क्षेत्र स्थित उनके घरों से हुई। इनमें से एक के घर से आइएस का झंडा बरामद किया गया है।

loksabha election banner

मध्य जकार्ता में गुरुवार को हुए हमलों में पांच हमलावर मारे गए थे। एक विदेशी सहित दो की मौत हो गई थी और 24 अन्य घायल हो गए थे। आइएस ने हमलों की जिम्मेदारी ली थी। मारे गए हमलावरों में चार की शिनाख्त हो गई है। इनमें से दो आतंकी मामलों में पहले सजा भी काट चुका था।

राष्ट्रीय पुलिस प्रवक्ता अंतोन चारलियां ने बताया कि संदिग्धों की तलाश में पूरे देश में छापेमारी जारी है। राष्ट्रीय पुलिस उच्चतम अलर्ट पर है। खासकर उन स्थानों पर जिन्हें आतंकी निशाना बना सकते हैं। मसलन पुलिस थाने, सरकारी कार्यालय, दूतावास। इसमें सेना की भी मदद ली जा रही है। भारी बख्तरबंद वाहनों के साथ हथियारों से लैस सैनिक सड़कों पर गश्त कर रहे हैं।

कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धांजलि

जिस इलाके में हमले हुए थे वहां शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोग पीड़ितों के लिए प्रार्थना करते नजर आए। स्टारबक्स कैफे की इमारत पर लगी एक बड़ी स्क्रीन पर "जकार्ता के लिए प्रार्थना करें" और "इंडोनेशिया एकजुट हो" जैसे संदेश पेश किए गए। कई दूतावास बंद रहे।

दक्षिण-पूर्व के लिए नुसांतरा

आइएस ने पूरी दुनिया से 30 हजार विदेशी लड़ाकों को आकर्षित किया है। इनमें सैकड़ों दक्षिण-पूर्व एशिया के हैं। माना जाता है कि इंडोनेशिया, फिलीपींस और मलेशिया से आए लड़ाकों के लिए आतंकी संगठन ने कातिबाह नुसांतरा नामक समूह बनाया है। इस समूह की बागडोर इंडोनेशियाई नागरिक बाहरुम नईम के हाथ में है। जकार्ता पुलिस के प्रमुख मेजर जनरल टीटो कारनावियां ने बताया कि हमलावर नईम के नेतृत्व वाले समूह का हिस्सा थे। नईम इस समय सीरियाई शहर रक्का में है।

भारत ने की निंदा

भारत ने जकार्ता हमलों की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी सहानुभूति और संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि भारत सभी तरह के आतंकवाद के खिलाफ है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने हमलों की निंदा करते हुए आइएस और अल कायदा जैसे आतंकी संगठनों के बढ़ते खतरे पर चिंता जताई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.