अंतराष्ट्रीय विरोध केे बावजूद सीरिया में पूरी रात रूस ने की बमबारी
विरोध के बावजूद भी सीरिया के शहर अलेेप्पाे में रविवार रात को रूस और सीरिया की वायुसेना ने ताबड़तोड़ बमबारी की है।
अलेप्पो (राॅयटर)। अंतरराष्ट्रीय विरोध के बावजूद भी सीरिया के शहर अलेेप्पाे में रविवार रात को रूस और सीरिया की वायुसेना ने ताबड़तोड़ बमबारी की है। यह स्थानीय लोगों के मुताबिक आज सुबह छह बजे तक अलेप्पो में अलग-अलग जगहों पर विमानों ने जबरदस्त बमबारी की है। वहीं संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इसको लेकर ब्रिटेन, अमेरिका और जर्मनी ने रूस का जबरदस्त विरोध किया है। अमेरिका और रूस के बीच हुए सीजफायर समझौते के बाद भी रूस द्वारा इस तरह की बमबारी लगातार जारी है। इन हमलों में मारे गए लोगों में ज्यादातर आम नागरिक हैं।
सीरियन ऑब्जरवेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के मुताबिक रविवार पूरी रात विमानों ने करीब करीब एक दर्जन से अधिक हमले किए गए। इसके चलते पूरी रात अलेप्पों में अफरा-तफरी मची रही। इसके मुताबिक इन हमलों में काफी संख्या में लोग मारे गए हैं और घायल भी हुए हैं। व्हाइट हेलमेट के नाम से चर्चित सिविल डिफेंस के लोगों को भी इन हमलों में निशाना बनाया गया है।
एक सिविल डिफेंस कार्यकर्ता के मुताबिक यह हमले आज सुबह छह बजे तक जारी रहे हैं। ऑब्जरवेटरी के मुताबिक पिछले एक सप्ताह के अंदर यहां हुए हमलों में 237 लोगों की मौत हुई हैै। इसमें 38 बच्चे भी शामिल हैं। अकेले अलेप्पो में ही करीब 162 लोगों की मौत कुछ ही दिनों में इन हमलों में हुई है।