अफगानिस्तान में आठ माह से बंधक भारतीय पादरी रिहा
आठ माह से अफगानिस्तान में बंधक बनाए गए भारतीय पादरी फादर एलेक्सिस प्रेम कुमार को सुरक्षित रिहा करा लिया गया है। सरकार उनकी जल्द से जल्द स्वदेश वापसी के लिए जरूरी बंदोबस्त करा रही है। भारत को मिली इस बड़ी कूटनीतिक कामयाबी की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट के
नई दिल्ली। आठ माह से अफगानिस्तान में बंधक बनाए गए भारतीय पादरी फादर एलेक्सिस प्रेम कुमार को सुरक्षित रिहा करा लिया गया है। सरकार उनकी जल्द से जल्द स्वदेश वापसी के लिए जरूरी बंदोबस्त करा रही है। भारत को मिली इस बड़ी कूटनीतिक कामयाबी की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट के जरिये दी।
अफगानिस्तान में एक स्वयंसेवी संगठन के तहत सेवाएं दे रहे तमिलनाडु के 47 वर्षीय प्रेम कुमार को पिछले साल जून में पश्चिमी अफगानिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने अगवा कर लिया था। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा, 'खुशी है कि कुमार को मुक्त करा लिया गया है। मैंने उनसे बात की है और उनके परिजनों को भी इसकी सूचना दी है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने कहा कि प्रेम कुमार की यह रिहाई शीर्ष नेतृत्व के प्रयासों से संभव हुई। इसमें प्रधानमंत्री खुद शामिल रहे। फादर एलेक्सिस प्रेम कुमार अब सुरक्षित हैं और उनकी स्वदेश वापसी के लिए जरूरी बंदोबस्त किए जा रहे हैं।
प्रेम कुमार को पश्चिमी अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में पिछले साल दो जून को अगवा किया गया था। उस समय कुमार अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवी संगठन जेसुइट रिफ्यूजी सर्विस (जेआरएस) के तहत अफगानिस्तान में शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहे थे। वह इस एनजीओ के अफगानिस्तान निदेशक थे और करीब तीन साल से यहां मौजूद थे।
प्रेम कुमार को तब अगवा कर लिया गया था जब वे हेरात शहर से 25 किलोमीटर दूर सोहादत गांव में जेआरएस के एक स्कूल का दौरा करने गए थे। अफगानिस्तान जाने से पहले वे तमिलनाडु में श्रीलंकाई शरणार्थियों के लिए सेवा कार्य करते थे। प्रेम कुमार के अपहरण के चार दिन बाद अफगानिस्तान सरकार ने जानकारी दी थी कि इस मामले में तीन तालिबान आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है।
खुशी से झूमे परिजन
चेन्नई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फादर प्रेम कुमार की सुरक्षित रिहाई की सूचना मिलते ही चेन्नई में उनके परिजन खुशी से झूम उठे। प्रेम कुमार के भाई अल्बर्ट मनोहरन ने कहा, 'हम यह खबर सुनकर बेहद खुश हैं। हमारे लिए यह सूचना बेहद बेशकीमती तोहफे की तरह है। प्रेम कुमार की रिहाई के लिए प्रयास करने के लिए हम भारत सरकार और तमिलनाडु सरकार को तहेदिल से धन्यवाद देते हैं।' मनोहरन ने बताया कि प्रधानमंत्री ने उनके पिता और बहन से बात की और उनके जल्द स्वदेश लौटने की जानकारी दी।