अमेरिका में एक और अश्वेत की हत्या
अमेरिका के मिसौरी राज्य में श्वेत पुलिसकर्मियों ने एक अश्वेत किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना से उत्तेजित प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ईट और बोतलें फेंकीं। आरोपी पुलिसकर्मियों को छुट्टी पर भेज दिया गया।
सेंट लुइस। अमेरिका के मिसौरी राज्य में श्वेत पुलिसकर्मियों ने एक अश्वेत किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी है। इस घटना से उत्तेजित प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ईट और बोतलें फेंकीं। आरोपी पुलिसकर्मियों को छुट्टी पर भेज दिया गया। मिसौरी के फार्ग्युसन में ही एक साल पहले भी अश्वेत किशोर ब्राउन की हत्या कर दी गई थी।
सेंट लुइस के पुलिस प्रमुख सैम डॉस्टन ने बताया कि पुलिसकर्मी एक घर में तलाशी अभियान चला रहे थे, जब दो अश्वेत किशोर पिछले दरवाजे से भागने लगे। उनसे रुकने को कहा गया तो एक ने पुलिस पर पिस्तौल तान दी। इस पर पुलिस ने ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। मरने वाले किशोर की पहचान मंसूर बॉल-बे (18) के तौर पर की गई है, दूसरा युवक भागने में सफल हो गया। पुलिस के मुताबिक मंसूर के पास से बरामद हथियार लूटे गए तीन हथियारों में से एक है।
डॉस्टन के मुताबिक रविवार को 93 वर्षीय बुजुर्ग के साथ लूटपाट हुई थी। इसमें एक महिला की मौत भी हो गई थी। बुधवार को इस मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस घटनास्थल पर गई थी। अश्वेत की मौत की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग इकट्ठा होकर प्रदर्शन करने लगे। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पुलिस पर ईट और बोतलें फेंकी गई। यातायात बाधित करने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।