तुर्की में 99 कर्नल बने जनरल, पत्रकार हुए गिरफ्तार
तुर्की में सर्वोच्च सैन्य परिषद ने कर्नल रैंक के 99 अधिकारियों को प्रोन्नत कर उन्हें जनरल या एडमिरल बना दिया है।
इस्तांबुल। तुर्की में सर्वोच्च सैन्य परिषद ने कर्नल रैंक के 99 अधिकारियों को प्रोन्नत कर उन्हें जनरल या एडमिरल बना दिया है। उच्च पदों पर भी मामूली फेरबदल किया गया है। सैन्य बलों के उप प्रमुख जनरल यासेर गुलेर को तुर्की की नौसेना का प्रमुख बनाया गया है। वहीं सेना के जनरल उमित डूंडर को सैन्य प्रमुख हुलुसी अकर के बाद उप प्रमुख बनाया गया है।
सैन्य परिषद की बैठक प्रधानमंत्री बिनाली इल्दरिम की अध्यक्षता में हुई। इसी बैठक में 1700 सैन्य अधिकारियों को नौकरी से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया था। यह संख्या तुर्की की सेना के अधिकारियों की संख्या के 40 प्रतिशत के बराबर है।शुक्रवार को पुलिस ने 21 पत्रकारों को अदालत में पेश किया। उन्हें फिलहाल हिरासत में रखने का फैसला किया गया है।
ये उन 42 पत्रकारों में शामिल थे जिनकी गिरफ्तारी के आदेश जारी किए गए हैं। तुर्की में 15 जुलाई को हुई तख्तापलट की कोशिश के बाद वहां सरकारी तंत्र में फेरबदल का क्रम जारी है। उसमें 290 लोग मारे गए थे। देश में आपातकाल लगा हुआ है। तख्तापलट की साजिश का आरोप अमेरिका में रहने वाले धार्मिक नेता फेतुल्लाह गुलेन पर है।
तुर्की के दो शीर्ष जनरलों ने दिया इस्तीफा, सरकार ने बंद किए कई मीडिया संस्थान
तुर्की मेें मीडिया पर कसा शिकंजा, हिरासत में लिए गए 42 पत्रकार