इराक में एक साथ 72 लोगों को मौत के घाट उतार दिया
इराक में कुछ वर्दीधारियों ने 72 सुन्नी लोगों का कत्ल कर दिया। उन्हें घरों से ले जाकर एक मैदान में घुटनों के बल बैठाया गया और एक-एक को चुनकर गोली मारी गई। 35 लोग अभी भी लापता हैं जो संभवतया उनके कब्जे में हैं।
बगदाद। इराक में कुछ वर्दीधारियों ने 72 सुन्नी लोगों का कत्ल कर दिया। उन्हें घरों से ले जाकर एक मैदान में घुटनों के बल बैठाया गया और एक-एक को चुनकर गोली मारी गई। 35 लोग अभी भी लापता हैं जो संभवतया उनके कब्जे में हैं।
इस घटना को बच गए लोगों ने बयां किया। रायटर को पांच चश्मदीदों ने सोमवार को बारवान्ह में हुए कथित कत्लेआम की एक तस्वीर भी मुहैया कराई। यहां के निवासियों और प्रांतीय अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 72 निहत्थे इराकी मारे गए। चश्मदीदों ने हत्यारों की पहचान शिया लड़ाकों और सुरक्षा बल तत्वों के रूप में की है। वहीं इराकी सुरक्षा और सरकारी अधिकारियों ने चश्मदीदों के बयान पर संदेह जताया है। उन्होंने कहा कि इस हत्या में इस्लामिक स्टेट (आइएस) के आतंकवादियों का हाथ हो सकता है। जबकि सरकार ने बुधवार को कहा कि वह घटना की जांच करा रही है। इस बीच इराक के प्रधानमंत्री हैदर अल-अब्दाली के प्रवक्ता रफीद जबूरी ने कहा, 'प्रधानमंत्री ने अविलंब जांच का आदेश दिया है और हम नतीजे का इंतजार कर रहे हैं।'
उल्लेखनीय है कि गत जून में उत्तरी इराक में आइएस का कब्जा होने के बाद से देश की शिया सरकार अमेरिका के हवाई हमले की मदद से उन्हें पीछे ढकेलने के प्रयास में जुटी है। सोमवार के कत्लेआम के पहले तीन दिन के आक्रमण के बाद शिया लड़ाकों और इराकी सुरक्षा बलों ने दियाला प्रांत में मुकदादिया शहर के समीप आइएस के कब्जे से दो दर्जन गांवों को छीना था।