जुमे के दिन तीन बम धमाकों से दहला पाकिस्तान, 30 लोगों की मौत
अफगानिस्तान सीमा के नजदीक खुर्रम इलाके में हुए दो अन्य विस्फोटों में 17 लोगों के मारे जाने की खबर है।
कराची, प्रेट्र/रायटर। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में क्वेटा स्थित क्षेत्रीय पुलिस मुख्यालय के नजदीक हुए कार बम विस्फोट में 13 लोग मारे गए जबकि 20 घायल हुए हैं। मारे गए लोगों में सात पुलिसकर्मी शामिल हैं। अफगानिस्तान सीमा के नजदीक खुर्रम इलाके में हुए दो अन्य विस्फोटों में 17 लोगों के मारे जाने की खबर है।
क्वेटा इलाके के डीआइजी अब्दुल रजाक चीमा ने बताया है कि शुक्रवार प्रात: शुहदा चौक पर जब एक कार को रोका गया तो कुछ ही सेकेंड में जबर्दस्त विस्फोट हुआ। चौराहे पर हुई घटना के कारण नुकसान ज्यादा हुआ है। कई कारें और मोटर साइकिलें बर्बाद हो गई हैं, दुकानों को भी नुकसान हुआ है। घायलों में नौ पुलिसकर्मी शामिल हैं। सभी का इलाज नजदीक के अस्पताल में चल रहा है। पाकिस्तानी तालिबान ने वारदात की जिम्मेदारी ली है। घटना जिस जगह की है वहां से बलूचिस्तान के पुलिस महानिरीक्षक का कार्यालय ज्यादा दूर नहीं है।
माना जा रहा है कि विस्फोटकों से भरी कार यहीं पर बड़े हमले के लिए ले जाई जा रही थी। चौराहे पर रोके जाने पर हमलावर ने उसमें विस्फोट कर दिया। बलूच राष्ट्रवादियों और इस्लामी आतंकियों की सक्रियता के चलते बलूचिस्तान प्रांत लंबे समय से अशांत बना हुआ है। यहां पर अक्सर बम विस्फोट और गोलीबारी की घटनाएं होती रहती हैं।
अफगान सीमा पर विस्फोट
एक अन्य घटनाक्रम में पाकिस्तान के खुर्रम आदिवासी क्षेत्र के पाराचीनार के बाजार में भी शुक्रवार को दो धमाके हुए। अफगानिस्तान सीमा के नजदीक के इस इलाके में हुए विस्फोटों में 17 लोग मारे गए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही सुरक्षा बलों ने इलाका घेरकर तलाशी का काम शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें: बलूचिस्तान: क्वेटा में पुलिस मुख्यालय के पास कार बम विस्फोट, 11 मरे