2600 साल पुराने माया शहर की खोज
पुरातत्वविदों ने 2600 साल प्राचीन एक माया शहर की खोज की है। इस शहर की बनावट में ग्रिड पैटर्न का अनुसरण किया गया था। इसे देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बनावट को अपनाने वाले शासक काफी ताकतवर थे।
वाशिंगटन। पुरातत्वविदों ने 2600 साल प्राचीन एक माया शहर की खोज की है। इस शहर की बनावट में ग्रिड पैटर्न का अनुसरण किया गया था। इसे देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बनावट को अपनाने वाले शासक काफी ताकतवर थे।
पुरातत्वविद ग्वाटेमाला के पेटेन स्थित निक्सन-चिच में अध्ययन कर रहे हैं। यहां उन्होंने दीवार से घिरे इस शहर की खोज की है। इस जगह पिरामिड आकार की इमारतों का निर्माण किया गया था। इसका उपयोग मोटे तौर पर 600 से 300 ईसा पूर्व किया जाता था। यह वो दौर था जब इस इलाके में प्रारंभिक शहरों का निर्माण किया जा रहा था।
लाइव साइंस की खबर के अनुसार, माया सभ्यता के किसी दूसरे शहर में ग्रिड डिजाइन का उपयोग नहीं किया जा रहा था। न्यूयॉर्क स्थित क्वींस कॉलेज के प्रोफेसर टिमोथी प्यूग ने बताया, 'यह एक तरह से सुव्यवस्थित शहर था, जिसे हमने किसी दूसरे स्थानों पर नहीं देखा।'
उन्होंने बताया कि मेक्सिको के प्राचीन तियोतिहुआकन में भी ग्रिड प्रणाली का इस्तेमाल किया गया था, लेकिन इसे मायाकालीन शहर नहीं माना जाता है। पुरातत्वविदों ने इसका निक्सन-चिच के साथ कोई संबंध भी नहीं पाया है।