पीएम की नीतियों पर यूपी सीएम का तीखा व्यग्य
लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गांधी दर्शन को ढाल बनाकर प्रधानमंत्री की नीतियों पर तीखा व्यग्य कि
लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गांधी दर्शन को ढाल बनाकर प्रधानमंत्री की नीतियों पर तीखा व्यग्य किया। कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान बापू ने विदेशी कंपनियों और कारोबार का विरोध किया था, लेकिन कुछ लोग व दल गांधी के दर्शन पर अमल के स्थान पर उनके नाम को भुनाने में जुटे हैं। सुबह से शाम तक विदेशी कारोबारियों को भारत लाने की कोशिश में हैं। विदेशी निवेश और उद्यमियों को आमंत्रित किया जा रहा है। स्वच्छता अभियान को लेकर एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा हमेशा से सफाई अभियान के पक्षधर रहे हैं। वह पहले ही अपने तरीकों से सफाई के प्रति लोगों को न जागरूक कर रहे हैं बल्कि उसको अपना भी रहे हैं।
आज गांधी जयंती पर लखनऊ के हजरतगंज स्थित बापू की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद क्षेत्रीय गाधी आश्रम में मुख्यमंत्री ने चरखा काता। भरोसा दिलाया कि खादी के उत्थान के लिए वह हर संभव कदम उठाएंगे। इस मौके पर अखिलेश ने कहा कि बापू पूरी दुनिया में सर्वाधिक सम्मानित भारतीय हैं। उनके अहिंसा और सत्याग्रह के संदेश को अपनाकर कई देशों के राजनीतिक जनता को उनके अधिकार दिलाने में सफल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि समय के साथ दुनिया व अर्थव्यवस्था में बदलाव आया है। परिवर्तन के इस दौर में गाधी जी के विचारों और मूल्यों को बचाना एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि गाव और गरीब के हितों को पूरी प्राथमिकता देनी होगी। परंपरा, संस्कृति और मूल्यों को संरक्षित करने के हर संभव प्रयास करने होंगे। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री नारद राय ने कहा कि सरकार खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्प है।
इससे पहले सुबह राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री अखिलेश ने विधानसभा के तिलक हाल में गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने कहा कि गांधी जी के विचार हमेशा प्रासंगिक रहेंगे। मुख्यमंत्री ने भी गांधी के विचारों को अपनाने पर जोर दिया।
झाड़ू पकड़ सफाई का ड्रामा : नरेश
सपा महासचिव व राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्रियों के झाड़ू पकड़कर सफाई अभियान चलाने को ड्रामा बताया है। कहा कि यह सब झूठी वाहवाही के लिए किया जा रहा है। हकीकत में कार्य करने से ही गंदगी साफ होगी। प्रधानमंत्री अगर देश से गंदगी मिटाना चाहते हैं तो राज्य सरकारों के साथ कार्ययोजना बनाकर उन्हें अभियान चलाना चाहिए। सपा सरकार खुद साफ सफाई पर जोर दे रही है। अग्रवाल ने अमेरिका से लौटे भारत के प्रधानमंत्री से श्वेतपत्र जारी करने की मांग उठाई।