अवंतीबाई ने बढ़ाया समाज का मान
सीतापुर : लोधी परिवर्तन महासम्मेलन को लेकर रविवार को लोधी समाज के तमाम नेता जिले के मूसेपुर गांव में एकत्र हुए। जहां उन्होंने समाज के उत्थान की बात कही व नौनिहालों को आगे बढ़ने पर चर्चा की।
मौका था लोधी समाज को जागरुक करने की सभा का। अवंतीबाई लोधी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद कुमार लोधी कार्यक्रम स्थल पहुंचे तो पूरा मैदान स्वर में गूंज उठा। यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि लोधी समाज उस वर्ग से ताल्लुक रखता है, जिस वर्ग की अवंती बाई महारानी हुआ करतीं थी। रामगढ़ की महारानी ने अंग्रेजों की गुलामी को अस्वीकार करते हुए आजादी की खातिर मोर्चा लिया और शहीद हुईं। उनके बलिदान को व्यर्थ न जाने दें और राष्ट्रहित में लोधी समाज आगे आए। उन्होंने कहा कि आज लोधी समाज को मेहनत कस किसान के रूप में देखा जाता है। हमे गर्व है कि हम दूसरों की भूख मिटाने के लिए अनाज उगाते हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद लोधी ने कहा कि खेती किसानी के साथ यह ध्यान रखें कि बच्चे स्कूल जरूर जाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसी चाबी है, जिससे तरक्की के रास्तों के बंद हर ताले खुल जाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के लोग एक समय का भोजन भले ही न करें, लेकिन अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पढ़ाएं। पढ़ा लिख युवा अधिकारी बन सकता है तो एक अच्छा किसान भी। कार्यक्रम को समाज के नेता रामलाल लोधी, राजीव लोधी, लवकुश लोधी, मुकेश लोधी, शिव कुमार लोधी आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र आदि प्रदेशों से पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम से पूर्व अवंती बाई के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष का शहर की सीमा वैदेही वाटिका से स्वागत किया गया। जिसके बाद वाहनों के जुलूस के शक्ल में लोग मूसेपुर गांव पहुंचे। इस मौके पर लोधी समाज के सैकड़ों लोग मौजूद थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर