कर्मचारी लौटे तो अधिकारी हुए नदारद
बाराबंकी: राज्य कर्मचारियों के हड़ताल से लौटने के बाद भी आम आदमी की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब जबकि कार्यालयों में सामान्य कामकाज सोमवार से प्रारंभ हुआ तो अधिकारी नदारद थे। विकास भवन में तो अधिकारियों के कक्षों के ताले भी सोमवार को नहीं खुले जिसके चलते दूरदराज से आए किसानों को बैरंग वापस लौटना पड़ा।
ज्ञातव्य है कि विकास भवन ही ऐसा स्थान था जो राज्य कर्मचारियों की हड़ताल से सर्वाधिक प्रभावित था। विकास भवन के मुख्य द्वार पर ही कर्मचारियों ने ताला डाल रखा था। अब जबकि हड़ताल खत्म हो चुकी है तो कर्मचारी काम करते दिखाई दे रहे हैं। सोमवार को 80 वर्षीय रामकिशुन पेंशन के लिए आए हुए थे। समाज कल्याण अधिकारी नहीं थीं तो उन्हें बैरंग वापस लौटना पड़ा। जिला विकास अधिकारी का कक्ष तो खुला था लेकिन वे कार्यालय नहीं आए थे। अपरान्ह एक बजे तक जिला कृषि अधिकारी, उद्यान अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भी विकास भवन नहीं पहुंचे थे। कर्मचारियों ने पूछने पर बताया कि साहब दौरे पर हैं। कब लौटेंगे यह पूछे जाने पर कोई भी कर्मचारी स्पष्ट जवाब देने की स्थिति में नहीं था। विकास भवन जैसी स्थिति ही अन्य कार्यालयों में भी थी। मुख्य विकास अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह से काफी मशक्कत के बाद फोन पर संपर्क हुआ। उन्होंने बताया कि वे अवकाश पर हैं इसलिए वे नहीं बता सकते कि कौन लोग कार्यालय आए और कौन नहीं आए?
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर