सुरंग में फंसा रहा युवक, तीन घंटे तक अटकी रही सांस
गोपालगंज के गम्हारी गांव के पास स्थित सारण तटबंध के आसपास चिडिय़ा पकडऩे के लिए गया एक युवक तटबंध किनारे स्थित सुरंग में फंस गया। युवक को बचाने के चक्कर में उसका साथी भी आधे घंटे तक सुरंग में फंसा रहा। बाद में जेसीबी की मदद से उसे निकाला गया।
गोपालगंज। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के गम्हारी गांव के पास स्थित सारण तटबंध के आसपास चिडिय़ा पकडऩे के लिए गया एक युवक तटबंध किनारे स्थित सुरंग में फंस गया। युवक को बचाने के चक्कर में उसका साथी भी करीब आधे घंटे तक सुरंग में फंसा रहा।
स्थानीय लोगों ने साथी युवक को तो तत्काल ही सुरंग से बाहर निकाल लिया लेकिन सुरंग में उतरा पहला युवक करीब तीन घंटे तक जीवन व मौत से जूझता रहा। कड़ी मशक्कत के बाद उसे जेसीबी की सहायता से मूर्च्छित अवस्था में निकाला गया।
जेसीबी से खुदाई कर निकाला गया बाहर
युवक को निकालने के लिए पुलिस व प्रशासन को जेसीबी का सहारा लेना पड़ा। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरंग से सकुशल बाहर निकाला जा सका। युवक को देखने के लिए घटनास्थल पर घंटों ग्रामीणों की भीड़ जमा रही।
चिड़ियों की आवाज सुन उतरा सुरंग में जानकारी के अनुसार बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के पिपरा भगवानपुर गांव के नट जाति के कुछ लोग पिछले कुछ समय से गम्हारी स्थित सारण तटबंध पर बसे हुए है। रविवार की सुबह तटबंध पर बसे परिवारों में से एक युवक चिडिय़ा पकडऩे के लिए तटबंध के किनारे घूम रहा था। इसी बीच एक सुरंग में चिडिय़ा के होने की आहट उसे मिली।
आहट सुनकर खेहा नट अपने साथी राजू नट को पास में खड़ा कर खुद सुरंग में उतर गया। करीब आधे घंटे बाद तक जब खेहा नट वापस नहीं लौटा तो राजू नट भी पीछे से सुरंग में उतर गया। दोनों युवकों का भार बढऩे के साथ ही सुरंग की आसपास की मिट्टी दब गयी और दोनों युवक उसमें फंस गये।
मौके पर पहुंची पुलिस
राजू की चीख पुकार पर आसपास के लोगों ने आधे घंटे के अंदर ही उसे बाहर निकाल लिया लेकिन खेहा नट को निकालने का प्रयास सफल नहीं हो सका। तत्काल घटना की सूचना प्रशासन को दी गयी। मौके पर पहुंची बैकुंठपुर थाने की पुलिस ने जेसीबी मौके पर बुलाया।
करीब एक घंटे तक जेसीबी मशीन से मिट्टी हटाये जाने के बाद युवक को सकुशल सुरंग से बाहर निकाला जा सका। युवक को देखकर उसके परिजनों व ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।