सूमो खाई में गिरी, दो की मौत, तीन घायल
गोपेश्वर-मंडल मोटर मार्ग पर टाटा सूमो के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोपेश्वर। गोपेश्वर-मंडल मोटर मार्ग पर टाटा सूमो के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनाक्रम के अनुसार शनिवार शाम सगर गांव से सवारियों को छोड़कर एक सूमो गोपेश्वर लौट रही थी। गैस गोदाम के समीप बंज्याणी में वाहन अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। दुर्घटना में लखपत सिंह (33 वर्ष) पुत्र चंद्र सिंह निवासी कोंज की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार संजय सिंह रौतेला पुत्र दरवान सिंह निवासी देवर गडोरा, देवी लाल पुत्र खुशालाल निवासी मैकोट व अखिलेश पुत्र सुरेंद्र झिंक्वाण निवासी मैकोट को घायलावस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घायलों में संजय रौतेला की स्थिति गंभीर देखते चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन चमोली के पास उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद गोपेश्वर थानाध्यक्ष चंद्रमोहन नेगी, चमोली के एसडीएम अवधेश कुमार सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लखपत सिंह बुटोला ने घटना स्थल पर पहुंचे।
पढ़ें-दन्या में बस खाई में गिरी, 17 की मौत