नेपाली किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म
बदायूं : दिल्ली में युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद प्रदेश सरकार ने महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए फरमान जारी किया, लेकिन जिले की पुलिस ने फरमान को हवा में उड़ा दिया। महिला उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। एक नेपाली किशोरी के साथ चार लोगों ने असलहों के बल पर सामूहिक दुष्कर्म कर पुलिस को चुनौती दी है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नवदिया निवासी एक व्यक्ति की नेपाल में ससुराल है। कुछ दिन पहले उसकी 17 वर्षीय साली उसके घर गांव में आ गई। विगत 10 नंवबर को उसकी साली गांव के पास खेत में गई थी। वहां पहले से घात लगाए बैठे पड़ोसी गांव मुड़ा निवासी चार लोगों ने असलहों के बल पर किशोरी को दबोच लिया और खेत में ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। काफी देर तक किशोरी घर नहीं पहुंची तो उसका बहनोई उसे खेत पर देखने गया। पीड़िता के बहनोई को देखकर आरोपियों किशोरी को छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने पूरा घटनाक्रम अपने बहनोई को बताया। 11 नवंबर को पीड़िता को लेकर उसका बहनोई थाने पहुंचा, पर पुलिस ने उसे टरका दिया। मंगलवार को पीड़िता ने सीओ पूनम सिरोही को प्रार्थना देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की। सीओ के हस्तक्षेप के बाद कोतवाली पुलिस ने ग्राम मुड़ा निवासी राजू, जयवीर, भूरे और रामचंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया है। घटना के संबंध में इंसपेक्टर राम लखन सिंह यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना संदिग्ध लग रही है। फिर भी घटना की जांच की जा रही है। रंजिशन घटना को दुष्कर्म का रूप दिया गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर