नीतीश के जदयू सुप्रीमो बनने पर लालू हुए खुश, जानिए किसने क्या कहा...
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर महागठबंधन के उनके सबसे बड़े सहयोगी दल राजद के मुखिया लालू प्रसाद ने खुशी जाहिर की है। महागठबंधन सरकार के मंत्रियों के अलावा जदयू, राजद एवं काग्रेस पार्टी के नेताओं ने भी नीतीश कुमार को बधाई दी है।
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर महागठबंधन के उनके सबसे बड़े सहयोगी दल राजद के मुखिया लालू प्रसाद ने खुशी जाहिर की है। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया है। महागठबंधन सरकार के मंत्रियों के अलावा जदयू, राजद एवं काग्रेस पार्टी के नेताओं ने भी नीतीश कुमार को बधाई दी है।
मजबूत होगा गठबंधन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का स्वागत करते हुए राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने उन्हें बधाई दी है। लालू ने कहा कि जदयू के पास नीतीश के अलावा दूसरा विकल्प नहीं था। पार्टी संविधान में अगर बदलाव होता तो शरद यादव भी मेरी तरह ही अध्यक्ष बने रहते। उन्होंने कहा कि नीतीश के अध्यक्ष बनने से जदयू मजबूत होगा। महागठबंधन को भी मजबूती मिलेगी।
सामाजिक न्याय के पुरोधा
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कहा कि नीतीश कुमार सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय के पुरोधा हैं तथा राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने सत्ता ग्रहण करने के चार महीने के अंदर ही सात निश्चयों को प्रभावी तरीके से लागू किया। शराबबंदी का उनका फैसला एतिहासिक फैसला है।
पार्टी का होगा विस्तार
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री कृष्ण नंदन प्रसाद वर्मा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक न्याय से जुड़ी शक्तियों को और ताकत मिलेगी। उनके नेतृत्व में पार्टी का देश के अन्य राज्यों में विस्तार होगा।
जदयू के सर्वमान्य नेता
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन सहनी ने मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि नीतीश कुमार जदयू के सर्वमान्य नेता हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी को राष्ट्रीय राजनीति में और तेजी से फैलने का अवसर मिलेगा।
इन्होंने भी दी बधाई
राजद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचंद्र पूर्वे ने बधाई देते हुए कहा है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन और मजबूती से काम करेगा। वे जदयू में एक सर्वमान्य नेता हैं। राष्ट्रीय जेपी आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष शत्रुंजय प्रसाद पाण्डेय ने मुख्यमंत्री को बधाई दी है।