हैरानीः पिछले 15 वर्षो के दौरान जनवरी का सबसे गरम सप्ताह
जनवरी में तापमान का सामान्य से छह डिग्री अधिक होना, यह स्थितियां असमान्य परिस्थितियों की तरफ इशारा करती हैं। हालांकि मौसम विभाग इसे अप्रत्याशित नहीं मानता है।
नई दिल्ली। सर्दियों के मौसम में लगातार बढ़ रहे पारे से दिल्ली समेत उत्तर भारत के सभी राज्यों के लोग अचंभित हैं। दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पिछले 15 सालों में जनवरी का यह हफ्ता सबसे गरम रहा। अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का कहना है कि आज से पारे में गिरावट आएगी। पश्चिमी विक्षोभ गुजरने के साथ ही बृहस्पतिवार शाम से ही हवाओं की दिशा बदल गई है, जिसके चलते अधिकतम व न्यूनतम पारे में गिरावट की संभावना है।
मौसम वैानिकों की माने तो रविवार तक दिल्ली में न्यूनतम पारा सात से आठ डिग्री सेल्सियस और अधिकतम पारा 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। उत्तर प्रदेश में लखनऊ समेत अन्य जिलों में रात के तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आया है।
सीडीआरआइ (सेंट्रल ड्रग रिसर्च इंस्टीट्यूट) के पूर्व वरिष्ठ वैानिक डॉ. पीके श्रीवास्तव कहते हैं कि बीते वर्ष मार्च में ओलावृष्टि से हुई तबाही, मानसून में 50 फीसद से कम बारिश और अब जनवरी में तापमान का सामान्य से छह डिग्री अधिक होना, यह स्थितियां असमान्य परिस्थितियों की तरफ इशारा करती हैं।
हालांकि मौसम विभाग इसे अप्रत्याशित नहीं मानता है। उत्तराखंड में अगले 24 घंटे के भीतर हल्की वर्षा और चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। हिमालच प्रदेश में पश्चिमी हवाओं ने देर से ही सही लेकिन अच्छी शुरुआत की है। बर्फबारी ने पर्यटकों की आमद को भी बढ़ा दिया है।
बृहस्पितवार को राज्य के ऊपरी क्षेत्रों में दोपहर बाद बर्फबारी का सिलसिला जारी हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा।मैदानी क्षेत्रों में बारिश से लोगों को दो चार होना पड़ा। सिर्फ जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।