पुल पर क्रेन टूटने से नदी में गिरे छह मजदूर, एक का शव मिला
सारण सदर प्रखंड के दरियावगंज घाट के पास छपरा-आरा पुल के 47 नंबर खंभे के समीप डूबे नाव को निकालने के दौरान क्रेन टूट जाने से सोमवार को करीब दर्जनभर मजदूर दब गये। इनमें से एक का शव नदी से बरामद किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
सारण। सदर प्रखंड के दरियावगंज घाट के पास छपरा-आरा पुल के 47 नंबर खंभे के समीप डूबे नाव को निकालने के दौरान क्रेन टूट जाने से सोमवार को करीब दर्जनभर मजदूर दब गये। इनमें से एक का शव नदी से बरामद किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
क्रेन के टूटने से लोगों और मजदूरों में खासा आक्रोश है। घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजकुमार कर्ण व अन्य पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराए हैं। घटना के चार घंटे बाद तक पुल निर्माण कंपनी के किसी पदाधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने से मजदूर काफी आक्रोशित हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुल निर्माण के कार्य में लगा एक नाव पाया-47 के समीप डूब गया था।
इस नाव को निकालने के लिए क्रेन की सहायता से मजदूर लगे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार्य के दौरान ही क्रेन के अगले हिस्से का लोहा टूट गया। जिससे करीब एक दर्जन मजदूर दब गये। इस दुर्घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी मच गयी। आनन-फानन में जो भी संसाधन उपलब्ध थे उसके माध्यम से राहत बचाव कार्य शुरू किया गया।
इस दौरान एक शव को नदी से बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान बलवन टोला निवासी सुखनंदन राय के पुत्र मिथिलेश राय के रूप मेंं हुई है। वह पुल निर्माण कंपनी का कर्मचारी था। क्रेन से दबे अन्य लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सभी लोग पानी में ही डूबे हैं। उनमें से कितने जीवित बच पाते हैं। इसके लिए बचाव कर्य चल रहा है। घटनास्थल पर सदर एसडीपीओ राजकुमार कर्ण के अलावे डोरीगंज, अवतारनगर थाने की पुलिस व सदर बीडीओ और सीओ मौजूद हैं।
ग्रामीणों में पुल निर्माण कंपनी के किसी भी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर खासा आक्रोश है। कर्मियों का कहना है कि पुल निर्माण कंपनी एसपी सिंगला प्राइवेट लिमिटेड द्वारा जो भी कार्य कराया जा रहा है, उसमें घटिया उपकरण का प्रयोग किया जा रहा है। सभी क्रेन व अन्य उपकरण जर्जर हालत में हैं। आये दिन छोटी-मोटी घटनाएं हो रही है। बिना किसी सेफ्टी के जबरन कार्य कराया जा रहा है।