अब अज्ञात लाशों का होगा डीएनए टेस्ट
निज प्रतिनिधि, एटा: अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए अब उनका डीएनए टेस्ट किया जाएगा। पोस्टमार्टम के दौरान बाल व त्वचा के नमूने लिए जाएंगे। इन्हे संरक्षित करने के बाद विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। पुलिस महानिदेशक ने पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेज अज्ञात शवों का डीएनए टेस्ट कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
जनपद के विभिन्न इलाकों में मिलने वाले अज्ञात शव पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं। इन शवों की शिनाख्त के लिये पुलिस विशेष प्रयास नहीं करती। जिसके कारण शवों की शिनाख्त नहीं हो पाती। फलस्वरूप अंधे हत्याकाण्ड पुलिस की फाइलों में ही दफन होकर रह जाते है। अब अज्ञात शवों की शिनाख्त व उनकी मौत की तह तक जाने का रास्ता साफ हो गया है।
जानकारी के अनुसार अब अज्ञात शवों के पोस्टमार्टम के दौरान उनकी त्वचा, बाल, लार और वीर्य का नमूना लिया जायेगा। जिसे विभिन्न रसायनों की मदद से संरक्षित कर सुरक्षित रख लिया जायेगा। आवश्यकता पड़ने पर उक्त नमूने डीएनए टेस्ट के लिये विधि विज्ञान प्रयोगशाला आगरा भेजा जाएंगे। डीजीपी ने भेजे पत्र में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए पुलिस उनके कम से कम 20-30 बालों को चिमटी से उखाड़ सुखाकर सफेद कागज में रख लें। जिससे डीएनए टेस्ट में मदद मिल सके।
अपर पुलिस अधीक्षक राधेमोहन भारद्वाज ने बताया कि पुलिस महानिदेशक द्वारा जारी किए गए निर्देशों का संज्ञान ले लिया है। संबंधित निर्देशों का पालन किया जाएगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर