कहीं जर्जर सड़कें तो कहीं मरम्मत कार्य बने जाम का सबब
जासं, नई दिल्ली : जलभराव के कारण पिछले कई दिनों से जाम की समस्या झेल रहे राजधानीवासियों को बृहस्पतिवार को भी जाम का सामना करना पड़ा। लेकिन इस बार जाम का सबब कहीं मरम्मत कार्य बना तो कहीं जर्जर सड़कें।
यातायात पुलिस के अनुसार भोगल फ्लाईओवर के नीचे लोक निर्माण विभाग द्वारा आपात स्थिति में मरम्मत कार्य शुरू किया गया था। जिसकी वजह से आश्रम से नीला गुंबद के बीच वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई। यातायात पुलिस की कोशिश के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिली और काफी देर तक लोग यहां जाम में फंसे रहे। इसके अलावा पूसा रोड से बग्गा लिंक पर लोक निर्माण विभाग द्वारा मरम्मत कार्य किया जा रहा था। जिसकी वजह से एक लेन से लोग सफर ही नहीं कर पा रहे थे। यहां वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके अलावा सड़कों की जर्जर हालत की वजह वजीरपुर इंडस्ट्रीयल एरिया, अशोक विहार, बर्फ खाना से फिल्मिस्तान और आजाद मार्केट, सरिता विहार मेट्रो स्टेशन सहित कई जगहों पर लोगों को जाम में फंसना पड़ा। इसके अलावा मरम्मत कार्यो की वजह से भी कई जगहों पर यातायात बाधित हुआ।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर