कहीं यह भी तो ऑनर किलिंग नहीं?
-आनन-फानन में यमुना में प्रवाहित कर दी जलती चिता
-पानी से धोकर साफ कर दिया चिता स्थल
जागरण कार्यालय, बागपत :
यह महज एक संयोग ही था कि बागपत की एक अदालत में ऑनर किलिंग के आरोप में दो लोगों को फांसी की सजा सुनाई जा रही थी और दूसरी तरफ यमुना किनारे कुछ लोग एक अधजली चिता यमुना में धकेल रहे थे। बताया जाता है कि शव एक युवती का था।
मंगलवार दोपहर को आधा दर्जन लोग हरियाणा की तरफ से एक शव लेकर यमुना पर पहुंचे। चिता लगाकर उसका अंतिम संस्कार शुरू कर दिया। इसी बीच किसी ने पुलिस के आने की सूचना दे दी। इसके बाद मौजूद लोगों ने जलती चिता को यमुना नदी में फेंक दिया और आनन-फानन में स्थान पर राख आदि को पानी से धो दिया।
बातचीत में इन लोगों ने बताया कि एक युवक का अंतिम संस्कार किया गया है। उसके बाद यह लोग चलते बने। यह नजारा कैमरे में कैद हो गया। हालांकि यह चर्चा आम रही कि शव युवती का था।
ऑनर किलिंग की आशंका?
चिता जलाने आए लोगों की संदिग्ध गतिविधियों से ऑनर किलिंग की आशंका को बल मिल रहा है। सवाल उठ रहा है कि उक्त लोगों ने जलती चिता को यमुना में क्यों फेंका और स्थल को तत्काल धो भी क्यों दिया? इन्होंने कहा..
मेरे संज्ञान में इस तरह का कोई मामला नहीं आया है। यमुना का आधा हिस्सा यूपी और आधा हरियाणा में है, इसलिए कहा नहीं जा सकता कि अंतिम संस्कार कहां हुआ है।
डा. धर्मवीर सिंह, एएसपी बागपत।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर