अब सुशील मूंछ की बारी
मुख्य संवाददाता, मेरठ : पहले भूपेंद्र बाफर और अब बदन सिंह बद्दो की गिरफ्तारी के बाद स्पेशल टास्क फोर्स का अगला निशाना सुशील मूंछ है। एक लाख के इनामी अपराधी की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया गया है। उसकी लोकेशन तीन राज्यों में बनी हुई है।
मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थानान्तर्गत मथैड़ी गांव के सुशील मूंछ पर एक लाख का इनाम है। उस पर 45 से ज्यादा मुकदमे चल रहे हैं। हालांकि इनमें से अधिकांश में वह बरी हो चुका है लेकिन वांटेड पिछले पांच सालों से है। करीब पांच साल पहले उस पर पांच हजार का इनाम हुआ था और जो अब एक लाख पहुंच गया है। सुशील पश्चिमी यूपी का इकलौता ऐसा अपराधी है जिसे पुलिस आज तक नहीं पकड़ पाई। शासन ने एसटीएफ को विशेष रूप से मूंछ का टास्क दिया गया है।
विदेश तक फैला है साम्राज्य
एक लाख के इनामी रहे बदन सिंह बद्दो की तरह सुशील मूंछ का विदेश तक साम्राज्य फैला है। सिडनी में उसका बड़ा होटल है। इसके अलावा जमीनों का काम भी चल रहा है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा में भी सुशील का मोटा पैसा जमीनों और ठेकों तथा अन्य कामों में लगा है।
ठिकाने बदलता रहता है मूंछ
एसटीएफ सूत्रों की मानें तो सुशील मूंछ बेहद चालाक और शातिर अपराधी है। वह कभी अपने एक ठिकाने पर नहीं रहता और उन्हें बदलता रहता है। शायद यही कारण है कि पुलिस आज तक उसे छू नहीं पाई। फिलहाल उसकी लोकेशन उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब में मिलती रही है। बद्दो की तरह वह भी विदेशी सिम कार्ड का प्रयोग कर खुद के विदेश में होने के लिए पुलिस और लोगों को भ्रमित करता रहा है। एक लाख का इनामी बदन सिंह बद्दो भी पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़ा है।
बढ़ सकता है इनाम
सुशील मूंछ पर इनाम बढ़ाया जा सकता है। एक लाख का इनाम पिछले दो सालों से उस पर बना हुआ है। अब चूंकि नये सिरे से गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू हुए हैं, तो इनाम भी बढ़ सकता है। पुलिस के आला अफसरों ने भी इस बात की पुष्टि की।
एडीजी बोले, लिस्ट में टॉप पर
मेरठ जोन के आईजी का कार्य देख रहे एडीजी जेएल त्रिपाठी का कहना है कि सुशील मूंछ अपराधियों की सूची में सबसे ऊपर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को टास्क दिए गए हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर