Move to Jagran APP

कंडक्टर के 'कान मरोड़ेंगी' मैडम

By Edited By: Published: Mon, 16 Jul 2012 01:46 AM (IST)Updated: Mon, 16 Jul 2012 01:46 AM (IST)
कंडक्टर के 'कान मरोड़ेंगी' मैडम

संवाददाता, अलीगढ़ : महिलाओं का दबदबा अब उन क्षेत्रों में भी बढ़ रहा है, जहां पहले पुरुषों का ही वर्चस्व रहा करता था। जिले में रोडवेज के सहायक यातायात निरीक्षक पद पर सात महिलाओं की नियुक्ति हुई है, जो कंडक्टरों की चोरी पकड़ेंगी। अब यह अधिकारियों पर निर्भर है कि महिलाओं की ड्यूटी दिन में होगी या रात में।

loksabha election banner

रोडवेज बसों में परिचालकों की कारस्तानी की चेकिंग अब तक पुरुष कर्मचारी ही किया करते थे। पहली बार इस कार्य में महिलाओं को तैनात किया जा रहा है। महिलाओं को उनके कार्य व अनुभव के आधार पर इस पद पर प्रमोट किया गया है। जिले में करीब सात महिला कर्मचारियों को इस पद के लिए चयनित किया गया है।

रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक साद सईद ने बताया कि अभी तक सहायक यातायात निरीक्षक पुरुष ही होते थे। महिलाओं को पहली बार इस पद पर नियुक्त किया गया है। तीन दिन पहले ही महिला कर्मचारियों को उनके पद पर नियुक्ति के बारे में जानकारी दी गई है। हालांकि, यह कार्य महिलाओं के लिए चुनौतीपूर्ण होगा, क्योंकि रात के वक्त बसों की ज्यादा चेकिंग की जाती है। रात के वक्त महिलाओं को इस कार्य में अड़चन आने के सवाल पर क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि महिला कर्मचारियों ने कार्य में रियायत मांगी तो उन्हें अवश्य ही दिन की ड्यूटी दी जाएगी। महिला कर्मचारियों को उनके पद के बारे में जानकारी दे दी गई है, लेकिन किसी भी महिला कर्मचारी ने पदभार नहीं संभाला है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि महिला कर्मचारियों ने पद नहीं ग्रहण किया तो उनसे निचले क्रम के कर्मचारियों को मौका दिया जाएगा।

बेटिकट यात्रा भारी पड़ेगी

अलीगढ़ : रोडवेज परिचालक यात्रियों से किराया तो वसूलते हैं, लेकिन टिकट देने से बचते हैं ताकि पैसा उनकी जेब में जा सके। इससे राजस्व को चूना लगता है। मामला जब क्षेत्रीय प्रबंधक के संज्ञान में आया तो उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दे डाली। बीते दिनों में ऐसे ही मामले में कुछ कर्मचारियों को निलंबित भी किया गया था। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि आगे से ऐसा मामला प्रकाश में आया तो लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी के खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई हो सकती है। सूत्रों की मानें तो हाथरस और कासगंज रूट पर आए दिन रोडवेज बस परिचालक व चालक दबंगई दिखाते हैं। यात्रियों के टिकट मांगने के बावजूद उन्हें टिकट नहीं दिया जाता है। किसी यात्री ने ज्यादा जोर-जबरदस्ती की तो उसे बीच रास्ते ही उतार दिया जाता है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.