4.29 लाख डेरा प्रेमियों ने की पानीपत की सफाई
डेरा सच्चा सौदा की तरफ से मंगलवार को पानीपत में महासफाई अभियान चलाया गया। सनौली रोड पर अभियान की शुरुआत संत गुरमीत राम रहीम ने झाड़ू लगा कर की। 4.29 लाख सेवादारों ने पानीपत को स्वच्छ बनाने में जुट गए।
जागरण संवाददाता, पानीपत। डेरा सच्चा सौदा की तरफ से मंगलवार को पानीपत में महासफाई अभियान चलाया गया। सनौली रोड पर अभियान की शुरुआत संत गुरमीत राम रहीम ने झाड़ू लगा कर की। 4.29 लाख सेवादारों ने पानीपत को स्वच्छ बनाने में जुट गए। यह अभियान शाम तक चलेगा। महासफाई अभियान के कारण जीटी रोड पर जाम से वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
सोमवार की मध्य रात्रि से ही महासफाई अभियान के लिए सेवादार पानीपत पहुंचने लगे थे। सुबह छह बजे से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व निजी वाहनों से सेवादारों का हुजूमउमड़ने लगा। छोटे बच्चों से लेकर 70-75 वर्ष के बुजुर्ग सभी हाथों में झाड़ू व कस्सी लिए सेवा को तत्पर दिखाई दिए।
दुबई से शिवाली इंसा व उनके पति विशाल भी महासफाई अभियान में शिरकत करने आए। सिंगापुर से गुरजीत इंसा ने भी पहली बार इस महाअभियान में सेवा दी। भारी सुरक्षा के बीच संत गुरमीत राम रहीम सुबह 9.40 बजे संजय चौक पहुंचे। उन्होंने सेवादारों को संबोधित किया।
महासफाई अभियान में भाग लेने आए डेरा अनुयायी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में पहली बार 2011 में महासफाई अभियान चलाया गया। पानीपत में 29 वां अभियान है। उन्हें जब यह पता चला कि यहां गंदगी की वजह से बीमारियां फैल रही हैं तो संगत को पानीपत की सफाई करने की हामी भर दी।
डेरा प्रमुख ने कहा कि 'एमएसजी-2' सच्चे हालात आधारित स्टोरी वाली फिल्म है। वह सन् 2000 में राजस्थान के आदिवासी क्षेत्र में गए तो वहां के जो हालात देेखे उसी पर पर 'एमएसजी-2' फिल्म बनाई। इस अवसर पर उद्घाटन स्थल पर दो जोड़ों ने ब्रह्म विवाह किया।
डेरा प्रमुख ने संगत से गुजारिश की कि वे पूरे पानीपत को साथ सुथरा कर दें। इसके बाद प्रत्येक जोन में हजारों की तदाद में मौजूद लोग सफाई अभियान में जुट गए। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर प्रदेश के परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, विधायक महिपाल ढांडा व रोहिता रेवड़ी भी उदघाटन स्थल पर मौजूद रहे।